नवादा में आसमान से बरसी मौत! ठनका गिरते ही पलभर में उजड़ गए चार घर, 10 वर्षीय मासूम समेत 4 की दर्दनाक मौत

नारदीगंज के सांगोवर गांव में पहाड़ के पास पेड़ के नीचे खड़े थे सभी लोग, वज्रपात ने छीन ली चार जिंदगियां; दो महिलाएं गंभीर रूप से झुलसीं, गांव में पसरा मातम, पीड़ित परिवारों को 4-4 लाख रूपये मुआवजे की घोषणा

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा जिले में शुक्रवार की दोपहर कुदरत का ऐसा कहर बरपा कि कुछ ही सेकेंड में चार परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए उजड़ गईं। नारदीगंज थाना क्षेत्र के सांगोवर गांव में पहाड़ के समीप एक पेड़ के नीचे खड़े लोगों पर अचानक ठनका (वज्रपात) गिर गया। इस दर्दनाक हादसे में 10 वर्षीय मासूम समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं। घटना के बाद पूरे गांव में चीख-पुकार और मातम का माहौल है।

मृतकों की पहचान शंभु कुमार (44 वर्ष), सोनू कुमार (करीब 10 वर्ष), मदन राजवंशी (55 वर्ष) और मुनेश्वर राजवंशी (55 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं, शोभा देवी (40 वर्ष) और सुनीता देवी (40 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हुई हैं। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जाता है कि शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे सभी लोग गांव के पास पहाड़ के समीप एक पेड़ के नीचे मौजूद थे। इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ वज्रपात हुआ और देखते ही देखते चार लोगों की जिंदगी खत्म हो गई। हादसे की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

सूचना मिलते ही नारदीगंज थानाध्यक्ष राजेश कुमार, अंचलाधिकारी रईस आलम समेत प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। अंचलाधिकारी रईस आलम ने बताया कि आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से मृतकों के आश्रितों को नियमानुसार चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह सहायता प्रदान की जाएगी। यह हादसा एक बार फिर याद दिलाता है कि बारिश और आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थान, ऊंचे पेड़ों और पहाड़ी इलाकों के आसपास खड़ा होना कितना जानलेवा साबित हो सकता है। पूरे इलाके में इस दर्दनाक घटना को लेकर शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page