छात्र आंदोलन के बीच नवादा अलर्ट: डीएम रवि प्रकाश और एसपी अभिनव धीमान सड़क पर उतरे, फ्लैग मार्च के साथ कोचिंग संचालकों को भी दी बड़ी जिम्मेदारी

दिल्ली-पटना की घटनाओं के बाद नवादा प्रशासन की दोहरी रणनीति—एक ओर सख्त सुरक्षा, दूसरी ओर छात्रों से शांति, संयम और पढ़ाई पर ध्यान देने की अपील; अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा। देश के विभिन्न हिस्सों, खासकर दिल्ली और पटना में छात्र आंदोलन के दौरान हुई हिंसक घटनाओं के बाद नवादा जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर शुक्रवार को जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश और पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान के नेतृत्व में शहर के संवेदनशील इलाकों में भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया। इसके साथ ही समाहरणालय सभागार में शहर के सभी कोचिंग संस्थानों के संचालकों के साथ बैठक कर विद्यार्थियों को हिंसा और अफवाहों से दूर रखने की अपील की गई। फ्लैग मार्च समाहरणालय से शुरू होकर न्यायालय परिसर, नवीन नगर, प्रसाद बिगहा, पुरानी जेल रोड समेत कई प्रमुख मार्गों से गुजरा। मार्च का उद्देश्य आम लोगों में सुरक्षा और विश्वास का माहौल कायम करना तथा यह संदेश देना था कि जिले में कानून-व्यवस्था से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।

डीएम रवि प्रकाश और एसपी अभिनव धीमान ने संयुक्त रूप से कहा कि जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना प्रशासन को देने तथा सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करने की अपील की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर भ्रामक या भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने वालों पर भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इधर, कोचिंग संस्थानों के संचालकों के साथ आयोजित बैठक में प्रशासन ने छात्रों को सही दिशा देने पर विशेष जोर दिया। संचालकों से कहा गया कि वे अपने संस्थानों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को हिंसा, तोड़फोड़ और किसी भी गैर-कानूनी गतिविधि से दूर रहने के लिए प्रेरित करें। साथ ही इस बात पर भी नजर रखें कि कोई असामाजिक तत्व छात्रों को बहकाने या उकसाने का प्रयास न कर सके।

बैठक में मौजूद सभी कोचिंग संचालकों ने जिला प्रशासन को भरोसा दिलाया कि वे विद्यार्थियों के बीच संयम, अनुशासन, शांति और कानून के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने का हरसंभव प्रयास करेंगे तथा उन्हें पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने के लिए प्रेरित करेंगे। फ्लैग मार्च और बैठक में सदर एसडीओ अमित अनुराग, डीएसपी मुख्यालय निषु मल्लिक, सदर एसडीपीओ-वन हुलास कुमार, यातायात डीएसपी अभिषेक कुमार, नगर थानाध्यक्ष उमाशंकर सिंह, सदर सर्किल इंस्पेक्टर पंकज कुमार झा, स्वाट टीम तथा पुलिस एवं प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने अंत में स्पष्ट संदेश दिया कि शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। कानून हाथ में लेने, हिंसा फैलाने, सार्वजनिक या निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने अथवा अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ बिना किसी रियायत के कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page