HomeBreaking Newsदरावां हत्याकांड का बड़ा खुलासा: पत्नी...

दरावां हत्याकांड का बड़ा खुलासा: पत्नी गिरफ्तार, जहर देकर हत्या का आरोप; चार नामजद, पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी

मूंग के खेत से बरामद हुआ युवक का शव, पत्नी की निशानदेही पर मिला शव; एफएसएल जांच शुरू, प्रेम प्रसंग समेत हर एंगल पर जांच, तीन आरोपी अब भी फरार

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा। कौआकोल थाना क्षेत्र के दरावां गांव में युवक की संदिग्ध मौत का मामला अब हत्या के मुकदमे में बदल गया है। मूंग के खेत से शव बरामद होने के बाद पुलिस जांच में बड़ा मोड़ आया है। मृतक की पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि इस मामले में चार लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस के अनुसार शनिवार को दरावां गांव स्थित दारोबीघा बधार के मूंग के खेत से एक युवक का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान सीमावर्ती आढ़ा गांव निवासी एवं वर्तमान में दरावां निवासी ओंकार कुमार उर्फ संजय महतो के रूप में हुई। सूचना मिलने पर पुलिस ने उसकी पत्नी मंजू देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर उसकी निशानदेही पर मूंग के खेत से शव बरामद किया गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

मामले में मृतक के भाई चितरंजन कुमार (आढ़ा गांव, चन्द्रदीप थाना, जमुई) के लिखित आवेदन पर कौआकोल थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि ओंकार कुमार को जहर देकर उसकी हत्या की गई। पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी मंजू देवी सहित चार लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया है। मंजू देवी को रविवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जबकि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि वारदात शुक्रवार को हुई थी, जबकि पुलिस ने शनिवार को शव बरामद किया। शव के मुंह से झाग निकलने की बात भी सामने आई है, जिससे जहर दिए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मौत के कारण की आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।

थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को मौके पर बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान विभिन्न पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। स्थानीय स्तर पर कथित प्रेम प्रसंग की भी चर्चा है, लेकिन जांच पूरी होने और वैज्ञानिक साक्ष्य सामने आने से पहले किसी भी कारण की पुष्टि करना उचित नहीं होगा। पुलिस का कहना है कि फरार नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उपलब्ध साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

You cannot copy content of this page