HomeBreaking News₹1100 निकालते ही खाते में दिखे...

₹1100 निकालते ही खाते में दिखे ₹740 करोड़! बैंक स्क्रीन देखते ही विधवा के उड़े होश, नवादा का मामला बना चर्चा का विषय

पेंशन की रकम निकालने गई थी महिला, बैलेंस देखकर बैंक कर्मी भी रह गए हैरान; तकनीकी गड़बड़ी या बड़ी चूक, जांच की मांग

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार 

नवादा। बिहार में सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि लाभुकों के खातों में पहुंचने के साथ ही नवादा से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पूरे जिले में सनसनी फैला दी है। महज ₹1100 की विधवा पेंशन निकालने बैंक पहुंची एक महिला के खाते में अचानक 740 करोड़ रुपये से अधिक की शेष राशि दिखाई देने लगी। बैंक बैलेंस देखते ही महिला के होश उड़ गए और कुछ ही देर में यह खबर पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई। जानकारी के अनुसार नगर के नीम टोला मोहल्ला निवासी स्वर्गीय उदय नारायण पांडेय की पत्नी रेखा देवी शुक्रवार को अपनी विधवा पेंशन की राशि निकालने बैंक पहुंचीं। उन्होंने अपने खाते से ₹1100 की निकासी की। निकासी के बाद जब उन्होंने बैंक कर्मी से खाते में बची राशि की जानकारी मांगी तो जो आंकड़ा सामने आया, उसने वहां मौजूद सभी लोगों को हैरान कर दिया।

बताया जाता है कि उनके खाते में ₹740 करोड़ 68 लाख 72 हजार 895 रुपये से अधिक की शेष राशि दिखाई दे रही थी। पहले तो महिला और बैंक कर्मी दोनों को लगा कि कहीं कोई गलतफहमी है, लेकिन दोबारा जांच करने पर भी वही राशि दिखाई देने से बैंक परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। उधर, देखते ही देखते यह खबर पूरे इलाके में फैल गई। लोग तरह-तरह की चर्चाएं करने लगे कि आखिर एक साधारण विधवा पेंशनर के खाते में इतनी बड़ी रकम कैसे दिखाई देने लगी। कई लोग इसे बैंकिंग सिस्टम की तकनीकी गड़बड़ी बता रहे हैं, तो कुछ लोग इसे गंभीर लापरवाही का मामला मान रहे हैं। रेखा देवी ने बताया कि उन्होंने जीवन में कभी इतनी बड़ी राशि की कल्पना भी नहीं की थी। खाते में करोड़ों रुपये दिखाई देने के बाद वह घबरा गईं। उन्होंने कहा कि वह हृदय रोग से पीड़ित हैं और इतनी बड़ी रकम देखकर उनकी तबीयत बिगड़ गई। उनका कहना है कि इस तरह की घटना किसी के साथ भी नहीं होनी चाहिए।

परिजनों का भी कहना है कि इस राशि पर उनका कोई अधिकार नहीं है, लेकिन किसी की तकनीकी या प्रशासनिक गलती का खामियाजा उन्हें मानसिक तनाव के रूप में भुगतना पड़ा। उन्होंने बैंक से पूरे मामले की जांच कराने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है। गौरतलब है कि बिहार सरकार द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत लाखों लाभुकों के खातों में पेंशन की राशि भेजी गई है। इसी दौरान नवादा में यह चौंकाने वाला मामला सामने आया, जिसने बैंकिंग व्यवस्था और तकनीकी प्रणाली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि खाते में दिखाई दे रही यह राशि किसी तकनीकी त्रुटि का परिणाम है या किसी अन्य वजह से ऐसा हुआ। अब सभी की निगाहें बैंक की जांच और आधिकारिक स्पष्टीकरण पर टिकी हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

You cannot copy content of this page