1 जुलाई से नए सत्र का होगा आगाज़, डॉक्टर्स डे पर सम्मान समारोह, हजारों पौधे लगाने की तैयारी; नई टीम ने लिया जनसेवा को नई ऊंचाई पर ले जाने का संकल्प
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा। समाजसेवा, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण के क्षेत्र में नई ऊर्जा और बड़े संकल्प के साथ रोटरी क्लब ऑफ नवादा ने आगामी सत्र की रूपरेखा तैयार कर ली है। क्लब की महत्वपूर्ण बैठक में ऐसे कई फैसले लिए गए, जिनका सीधा लाभ समाज के विभिन्न वर्गों को मिलेगा। बैठक में नए रोटरी सत्र के अवसर पर जनहित से जुड़े कार्यक्रमों को भव्य रूप से आयोजित करने का निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता क्लब के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद ने की, जबकि मंच संचालन वर्ष 2026-27 के लिए चुने गए अध्यक्ष नीरज कुमार लोहानी ने किया। सचिव प्रहलाद प्रसाद ने बताया कि आगामी 1 जुलाई से शुरू होने वाले नए रोटरी सत्र को समाजसेवा और जनजागरूकता के विविध कार्यक्रमों के साथ यादगार बनाया जाएगा।

बैठक में निर्णय लिया गया कि डॉक्टर्स डे के अवसर पर चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले चिकित्सकों को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण को लेकर व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा, ताकि समाज में हरित वातावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके। क्लब के वरिष्ठ और सक्रिय सदस्यों को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित करने का फैसला लिया गया। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि रोटरी क्लब हमेशा से सेवा, समर्पण और सामाजिक जिम्मेदारी के मूल्यों पर कार्य करता रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और सामुदायिक विकास के क्षेत्र में क्लब की सक्रिय भूमिका भविष्य में और मजबूत होगी।

इस अवसर पर नई बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स टीम का भी परिचय कराया गया। नई कार्यकारिणी में नीरज कुमार लोहानी को अध्यक्ष, प्रहलाद प्रसाद को सचिव, पियूष कुमार को कोषाध्यक्ष तथा सौरव अग्रवाल को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं डॉ. मनोज कुमार फाउंडेशन चेयर, नित्यानंद प्रसाद मेंबरशिप चेयर, श्याम कुमार अग्रवाल कम्युनिटी सर्विस चेयर, राकेश कुमार एडमिनिस्ट्रेशन चेयर, वजीर प्रसाद इंटरनेशनल चेयर तथा डॉ. पंकज कुमार सिन्हा को पब्लिक इमेज एवं मीडिया चेयर बनाया गया है।

बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने नए सत्र को सफल बनाने और समाजहित के कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का सामूहिक संकल्प लिया। इस मौके पर वजीर प्रसाद, बद्री प्रसाद, ललित अग्रवाल, श्रीकांत सिंह, शैलेन्द्र सिंह, नवीन कुमार सिन्हा उर्फ छवि जी, श्याम अग्रवाल, पंकज साव, मनोज कुमार, अनिल भगत, डॉ. आरपी साहू, चेतन सुहासरिया, अमित अग्रवाल, नित्यानंद चौरसिया, जितेंद्र कुमार उर्फ टुन जी (गणपति स्वीट्स), सोहन कुमार मंटू तथा अविनाश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में रोटेरियन उपस्थित रहे।


Recent Comments