“ऐतिहासिक उपलब्धि: नवादा बना शिक्षा का नया हब, मॉडर्न शैक्षणिक समूह ने दिया बड़ी सौगात, एस.ए. यूनिवर्सिटी को मिली सरकारी मंजूरी”

मॉडर्न शैक्षणिक समूह के प्रयास रंग लाए, अशोक नगर में खुलेगा एस. ए. यूनिवर्सिटी, उच्च शिक्षा, रोजगार और विकास के नए युग की हुई शुरुआत, इस उपलब्धि पर जिलेभर में खुशी की लहर

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा। शिक्षा के क्षेत्र में नवादा को एक बड़ी और ऐतिहासिक सौगात मिली है। बिहार सरकार ने नवादा के अशोक नगर में एस.ए. यूनिवर्सिटी की स्थापना एवं संचालन को मंजूरी दे दी है। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के साथ नवादा अब उच्च शिक्षा के नए युग में प्रवेश करने जा रहा है। वर्षों से जिस विश्वविद्यालय की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, वह सपना अब साकार होने की दिशा में बढ़ चुका है।

इस मंजूरी के बाद जिले के छात्रों, अभिभावकों और शिक्षाविदों में उत्साह का माहौल है। माना जा रहा है कि एस.ए. यूनिवर्सिटी की स्थापना से न केवल नवादा बल्कि आसपास के कई जिलों के विद्यार्थियों को भी गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा का लाभ मिलेगा। साथ ही रोजगार, शोध, नवाचार और शैक्षणिक विकास के नए अवसर भी सृजित होंगे।

मॉडर्न शैक्षणिक समूह की इस उपलब्धि को शिक्षा जगत में एक मील का पत्थर माना जा रहा है। वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में कार्य कर रहा यह संस्थान अब विश्वविद्यालय के माध्यम से नवादा को नई पहचान दिलाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

क्या कहते हैं अध्यक्ष

मॉडर्न शैक्षणिक समूह के अध्यक्ष डॉ. अनुज सिंह ने कहा, “एस.ए. यूनिवर्सिटी को मिली मंजूरी केवल एक संस्थान की सफलता नहीं, बल्कि नवादा के लाखों युवाओं के सपनों की जीत है। हमारा लक्ष्य है कि नवादा को शिक्षा, शोध और नवाचार का ऐसा केंद्र बनाया जाए, जहां से देश के भविष्य का निर्माण हो।”

क्या कहते हैं सचिव

मॉडर्न शैक्षणिक समूह के सचिव शैलेश कुमार ने कहा, “यह उपलब्धि नवादा के शैक्षणिक इतिहास में स्वर्णिम अध्याय जोड़ने वाली है। एस.ए. यूनिवर्सिटी विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा, आधुनिक संसाधन और वैश्विक अवसर उपलब्ध कराकर उनके सपनों को नई उड़ान देगा।”

नवादा को क्या होगा फायदा?

जिले में पहली बार विश्वविद्यालय स्तर की उच्च शिक्षा का बड़ा केंद्र विकसित होगा। विद्यार्थियों को बाहर जाकर पढ़ाई करने की मजबूरी कम होगी। रोजगार और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। शोध, तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास के नए अवसर खुलेंगे। नवादा की पहचान शिक्षा के मजबूत केंद्र के रूप में स्थापित होगी।

मिलेगा शिक्षा का नया अध्याय और विकास की नई दिशा

एस.ए. यूनिवर्सिटी को मिली मंजूरी को लेकर जिलेभर में खुशी और उत्साह का माहौल है। लोगों का मानना है कि यह कदम नवादा के विकास को नई गति देगा और आने वाले वर्षों में जिला बिहार के प्रमुख शैक्षणिक केंद्रों में अपनी मजबूत पहचान बनाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page