HomeBreaking Newsनवादा में जदयू का शक्ति प्रदर्शन,...

नवादा में जदयू का शक्ति प्रदर्शन, मंत्री श्रवण कुमार ने कार्यकर्ताओं में फूंका चुनावी जोश

“गांव-गांव पहुंचाएं सरकार की योजनाएं, जनता से सीधा संवाद बढ़ाएं” — मंत्री श्रवण कुमार का कार्यकर्ताओं को मंत्र, जिला कार्यालय में जुटी सैकड़ों की भीड़

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा। आगामी राजनीतिक माहौल के बीच शुक्रवार को नवादा स्थित जनता दल यूनाइटेड जिला कार्यालय में आयोजित जन-संवाद कार्यक्रम पूरी तरह राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन में तब्दील हो गया। ग्रामीण विकास मंत्री सह विधानमंडल दल के नेता श्रवण कुमार के आगमन पर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। जिलाध्यक्ष राजकिशोर प्रसाद दांगी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में जिले भर से पहुंचे सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने संगठन की एकजुटता का संदेश दिया।

अपने संबोधन में मंत्री श्रवण कुमार ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए बिहार सरकार के विकास कार्यों का विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था को मजबूत किया गया है तथा सड़क, बिजली, शिक्षा और महिलाओं के सशक्तिकरण के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। नौकरियों में महिलाओं को मिले अवसरों और जनहितकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन्हें घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।

मंत्री ने साफ संदेश दिया कि पार्टी का असली बल जनता के बीच सक्रिय रहने वाले कार्यकर्ता हैं। उन्होंने अपील किया कि गांवों और पंचायतों में लगातार जनसंपर्क अभियान चलाकर आम लोगों को सरकार की कल्याणकारी एवं पेंशन योजनाओं की जानकारी दें, ताकि हर जरूरतमंद तक उसका लाभ पहुंच सके। कुल मिलाकर कार्यक्रम के जरिए जदयू ने स्पष्ट संकेत दिया कि संगठन अब बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने और सरकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति पर तेजी से काम करेगा।

जन-संवाद कार्यक्रम में विधान पार्षद अशोक कुमार, हरि कृपाल, मोहन चंद्रवंशी, मंजूर आलम, जीवनलाल चंद्रवंशी, अनवर भट्ट, अधिवक्ता डॉ. आदित्य मेहता, मीडिया प्रभारी तन्ने पठान, मनोरंजन उर्फ लड्डू जी, किशोरी सिंह, प्रिंस, प्रभात दांगी, विपिन चौधरी, शोभा कुमारी, रिंकू कुमारी, काजल कुमारी, देश प्रेमी, अनिरुद्ध प्रसाद, गया प्रसाद समेत बड़ी संख्या में जदयू पदाधिकारी और जमीनी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

You cannot copy content of this page