नवादा में खूनी खेल का जानें सच: पुरानी रंजिश में चलीं ताबड़तोड़ छुरियां, मामा-भांजे की मौत से दहला गांव

चुनावी विवाद बना खूनी संग्राम, छोटी पाली गांव रणक्षेत्र में हुआ तब्दील, तीन गंभीर, हमलावर अब भी फरार

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा जिले के नरहट थाना क्षेत्र के छोटी पाली गांव में सोमवार को पुरानी रंजिश ने ऐसा खूनी रूप ले लिया कि पूरा गांव दहशत में डूब गया। दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया और जमकर चाकूबाजी होने लगी। इस सनसनीखेज वारदात में मामा-भांजे की मौत हो गई, जबकि महिला सहित तीन अन्य लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना के बाद गांव में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।

मृतकों की पहचान 22 वर्षीय मो काशिफ और 17 वर्षीय मो अहमद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों रिश्ते में मामा-भांजा थे। वहीं इस हमले में मो आतिफ, मो आमिर और दूसरे पक्ष की महिला नाजरी प्रवीण गंभीर रूप से घायल हो गईं। सभी घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक दोनों परिवारों के बीच पंचायत चुनाव को लेकर लंबे समय से तनाव चल रहा था।

पूर्व में दोनों पक्षों के बीच मारपीट और केस-मुकदमा भी हो चुका था। बताया जा रहा है कि एक पक्ष को पहले ही बेल मिल चुकी थी, जबकि दूसरे पक्ष के लोगों ने हाल ही में न्यायालय में सरेंडर किया था और उन्हें जमानत नहीं मिली थी। इसी बात को लेकर तनाव लगातार बढ़ता जा रहा था। सोमवार को इसी पुरानी दुश्मनी ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि एक पक्ष ने दूसरे परिवार पर अचानक हमला बोल दिया और चाकू से ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिया। हमले की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि मौके पर ही दो युवकों की जिंदगी खत्म हो गई, जबकि कई लोग लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े।

घटना की सूचना मिलते ही नरहट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। हालांकि, वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी अब तक पुलिस गिरफ्त से बाहर बताए जा रहे हैं। थानाध्यक्ष गौतम कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद छोटी पाली गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page