सनसनी : नवादा में दिनदहाड़े डॉक्टर पर हुआ हमला! हाइवे पर कार रोक कर शीशा तोड़ा, फिर लूटपाट की घटना को दिया अंजाम

ड्यूटी कर लौट रहे डॉक्टर की कार रुकवाकर की मारपीट, नकदी और मोबाइल लूटे, पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई कर कार व मोबाइल समेत तीन अपराधियों को दबोचा, एक नाबालिग भी हुआ निरुद्ध

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब दिन के उजाले में डॉक्टर भी सुरक्षित नहीं हैं। सिरदला पीएचसी से ड्यूटी कर लौट रहे एक चिकित्सक को कार सवार अपराधियों ने बीच सड़क घेर लिया, गाड़ी का शीशा तोड़ा, मारपीट की और नकदी समेत मोबाइल लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

पीड़ित चिकित्सक डॉ. संतोष कुमार सुमन ने नेमदारगंज थाना में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है। दर्ज शिकायत के अनुसार शुक्रवार की सुबह करीब 10:20 बजे वह सिरदला पीएचसी से ड्यूटी कर नवादा लौट रहे थे। इसी दौरान नेमदारगंज थाना क्षेत्र के पचगावां और फुलमा गांव के बीच एक कार पर सवार चार अपराधियों ने उनकी गाड़ी का पीछा किया और ओवरटेक कर रास्ता रोक दिया।

डॉक्टर के अनुसार अपराधियों ने उन्हें गाड़ी से नीचे उतरने को कहा। जब उन्होंने विरोध किया तो बदमाशों ने गाड़ी का शीशा तोड़ना शुरू कर दिया। मजबूरन नीचे उतरते ही अपराधियों ने उनके साथ मारपीट की और पांच हजार रुपये नकद व दो मोबाइल छीनकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आयी और त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक विधि विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नालंदा जिले के मानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दरियापुर निवासी अमित कुमार, नारदीगंज थाना क्षेत्र के डोमावर निवासी सुधाकर राज तथा वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के रैकड़ गांव निवासी राजकुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से लूटे गए दो मोबाइल और घटना में प्रयुक्त एक चारपहिया वाहन भी जब्त किया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page