नवादा में शराबबंदी की पोल खोल गई हाइवा! चितरकोली चेकपोस्ट पार कर हरदिया पहुंची शराब की बड़ी खेप

रजौली के हरदिया में स्थानीय पुलिस द्वारा वाहन जांच के दौरान बरामदगी शराब की खेप के बाद उत्पाद पुलिस की कार्यशैली पर उठने लगी सवाल-आखिर शराब लदी हाइवा कैसे पार कर गई चेकपोस्ट?

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा। बिहार में शराबबंदी के बीच एक बार फिर उत्पाद विभाग की जांच व्यवस्था सवालों के घेरे में आ गई है। कोडरमा से नवादा की ओर आ रही एक हाइवा ट्रक चितरकोली समेकित जांच चौकी को पार कर आराम से हरदिया तक पहुंच गई, लेकिन स्थानीय पुलिस की कार्रवाई में ट्रक के केबिन में बने गुप्त तहखाने से भारी मात्रा में केन बीयर और विदेशी शराब बरामद होते ही हड़कंप मच गया।

सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जब चितरकोली जांच चौकी पर 24 घंटे वाहनों की सघन जांच का दावा किया जाता है, तो आखिर शराब से भरी हाइवा वहां से कैसे निकल गई? इलाके में अब दबी जुुबान से उत्पाद पुलिस की कार्यशैली और जांच के नाम पर खानापूर्ति की चर्चा तेज हो गई है।

स्थानीय थाना क्षेत्र के हरदिया स्थित एनएच-20 किनारे एचपी पेट्रोल पंप के समीप पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर हाइवा ट्रक संख्या HR-58E/1854 को रोका। जांच के दौरान ट्रक के केबिन में बेहद शातिर तरीके से बनाए गए तहखाने से 96 केन किंग्सफिशर बीयर, 11 बोतल रॉयल चैलेंज और 11 बोतल मैजिक मोमेंट्स बरामद किया गया। हालांकि कार्रवाई के दौरान चालक सह शराब तस्कर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।

पुलिस ने शराब, बीयर और हाइवा ट्रक को जब्त कर लिया है तथा फरार तस्कर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रंजीत कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिलने के बाद सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया, जिसमें यह बड़ी सफलता हाथ लगी। कार्रवाई में एएसआई केके झा, एएसआई जयप्रकाश चौधरी समेत सशस्त्र पुलिस बल मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page