गांधी-शास्त्री जयंती पर रंगों में दिखा राष्ट्रनिर्माण का संदेश

मॉडर्न समूह के विद्यालयों में चित्रांकन प्रतियोगिता, नन्हे कलाकारों ने गांधी के विचारों से लेकर आधुनिक भारत तक को कागज पर उतारा
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार
नवादा। गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती के अवसर पर मॉडर्न शैक्षणिक समूह के सभी विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए विशेष चित्रांकन प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में रचनात्मकता, कलात्मक अभिव्यक्ति तथा राष्ट्रनायकों के विचारों और आदर्शों के प्रति समझ विकसित करना रहा।

प्रतियोगिता को विद्यार्थियों की आयु एवं कक्षा के अनुरूप तीन संवर्गों में बांटा गया। कक्षा तृतीय से पंचम तक के बच्चों ने गांधीजी की तस्वीर, चश्मा, चरखा तथा तीन बंदरों के संदेश को चित्रों में उकेरा। कक्षा षष्ठ से अष्टम के विद्यार्थियों ने ग्राम्य जीवन, स्वच्छ भारत अभियान और चरखा चलाते महात्मा गांधी जैसे विषयों पर अपनी कला प्रतिभा दिखाई।

वहीं, कक्षा नवम से द्वादश तक के विद्यार्थियों के लिए भारत छोड़ो आंदोलन, खादी ग्रामोद्योग तथा ब्रिक्स सम्मेलन 2026 जैसे विषय रखे गए। वरिष्ठ विद्यार्थियों की कलाकृतियों में स्वतंत्रता आंदोलन, स्वदेशी भावना और वैश्विक मंच पर भारत की भूमिका की झलक देखने को मिली।

विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों की चित्रकृतियां आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। शिक्षकों ने कहा कि ऐसी गतिविधियां बच्चों को पाठ्यपुस्तकों से आगे बढ़कर इतिहास, संस्कृति और सामाजिक सरोकारों से जोड़ती हैं।

चित्रों के माध्यम से विद्यार्थियों ने सत्य, अहिंसा, स्वदेशी, स्वच्छता और सेवा के गांधीवादी विचारों के साथ लाल बहादुर शास्त्री की सादगी, अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा की भावना को भी प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की सफलता में सभी विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


