CBSE 10वीं में शानदार प्रदर्शन, टॉपर्स को मोमेंटो और पुरस्कार देकर किया गया सम्मानित, निदेशक डॉ अनुज ने कहा आज की प्रतिभाएं ही कल का भविष्य
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा स्थित केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की 10वीं बोर्ड परीक्षा में मॉडर्न इंटरनेशनल स्कूल, हिसुआ के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर नया कीर्तिमान स्थापित किया। इस गौरवपूर्ण अवसर पर विद्यालय परिसर में भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहे विद्यालय के छात्र ऋषभ, जिन्होंने 96.80% अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। सभी टॉपर विद्यार्थियों को मोमेंटो और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम मॉडर्न शैक्षणिक समूह के निदेशक डॉ. अनुज सिंह के दिशा-निर्देशन में आयोजित हुआ।

“आज की प्रतिभाएं हीं कल का भविष्य हैं” — डॉ. अनुज सिंह
इस मौके पर निदेशक डॉ. अनुज सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज की प्रतिभाएं ही कल का भविष्य हैं। आपकी सफलता हमारा अभिमान है। उन्होंने कड़ी मेहनत और दृढ़ निश्चय को सफलता की कुंजी बताते हुए अभिभावकों और शिक्षकों के योगदान की भी सराहना की।

“सम्मान के साथ जिम्मेदारी भी” — प्राचार्य मिखाइल चौधरी
विद्यालय के प्राचार्य मिखाइल चौधरी ने कहा कि इस सम्मान समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों की मेहनत को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने छात्रों को भविष्य में भी बड़े सपने देखने, कड़ी मेहनत करने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

“यह सम्मान नहीं, जिम्मेदारी है” — प्रवीण कुमार पंकज
हिंदी शिक्षक प्रवीण कुमार पंकज ने अपने संबोधन में कहा कि यह सम्मान केवल उपलब्धि नहीं, बल्कि आगे और बेहतर करने की जिम्मेदारी भी है, जिससे समाज और देश को नई दिशा मिल सके।
शिक्षकों की रही अहम भूमिका
इस सफल आयोजन में विज्ञान शिक्षक गौरव कुमार, मनोरंजन पांडे, हिंदी शिक्षक एस.के. रंजन, प्रवीण कुमार सिंह समेत सभी शिक्षकों की भूमिका सराहनीय रही। कुल मिलाकर, यह समारोह न सिर्फ विद्यार्थियों के सम्मान का अवसर बना, बल्कि उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम भी साबित हुआ।


Recent Comments