98% के साथ चमकी भव्या भारती, मॉडर्न इंग्लिश स्कूल में मेधावियों का भव्य सम्मान समारोह बना चर्चा का केंद्र

CBSE 10वीं में शानदार प्रदर्शन करने वाले छात्रों का जोरदार अभिनंदन, टॉपर्स की मेहनत ने पूरे जिले को किया गौरवान्वित

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

मॉडर्न इंग्लिश स्कूल, न्यू एरिया में सत्र 2025–26 में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा आयोजित दसवीं की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के सम्मान में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का वातावरण उत्साह, गर्व और प्रेरणा से ओत-प्रोत रहा। इस अवसर पर विद्यालय के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उनके शानदार परिणामों के लिए सम्मानित किया गया।

जिले की टॉपर भव्या भारती ने 98% अंक प्राप्त कर विद्यालय एवं जिले का नाम रोशन किया। इसके साथ ही आदिती कुमारी, सौम्या कुमारी और दिव्यांशु ने 92% अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसी क्रम में श्रीजा बरनवाल और अभिज्ञान ने 91%, प्रणय मिश्रा और प्रियांशु ने 90% अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। अन्य सफल विद्यार्थियों में अनुराधा (88%), मणिकांत कुमार (86%), रानी सिमरन (77%) तथा सूर्यांश (75%) का भी सम्मान किया गया।

समारोह में विद्यालय के डायरेक्टर अनुज सिंह ने सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि “सफलता केवल अंकों से नहीं, बल्कि निरंतर मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प से मिलती है। हमारे विद्यार्थियों ने यह सिद्ध कर दिया है कि लगन और परिश्रम से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता।”

विद्यालय के प्राचार्य गोपाल चरण दास ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को निरंतर सीखने की भावना बनाए रखने और नैतिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल परीक्षा में सफलता नहीं, बल्कि एक सशक्त और जिम्मेदार व्यक्तित्व का निर्माण है।

वहीं उप-प्राचार्य सुजय कुमार ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि यह सफलता शिक्षकों के समर्पण, अभिभावकों के सहयोग और विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत का परिणाम है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को भविष्य में और ऊँचाइयों को छूने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को स्मृति-चिन्ह के रूप में मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही शिक्षकों के योगदान की भी सराहना की गई, जिनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने यह उपलब्धि हासिल की।

यह सम्मान समारोह न केवल विद्यार्थियों के लिए गौरव का क्षण बना, बल्कि अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत सिद्ध हुआ। विद्यालय प्रबंधन ने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी मॉडर्न इंग्लिश स्कूल इसी तरह शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करता रहेगा। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक, शिक्षिकाएँ मणिकांत मिश्रा, नीरज मिश्रा, बिपुल कुमार, अंजना दीक्षित, मुकेश कुमार, वंदना कुमारी, आई के मिश्रा, बी एन झा, विजय कुमार अकेला का योगदान अत्यंत सराहनीय रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page