स्नातक-शिक्षक चुनाव में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, दोनों उम्मीदवारों की जीत के लिए कार्यकर्ताओं ने भरी हुंकार

घर-घर दस्तक देंगे कांग्रेसी, बूथ स्तर पर मजबूत घेराबंदी की तैयारी, शिक्षकों के वेतनमान, बकाया भुगतान और पुरानी पेंशन का मुद्दा उठाने का वादा
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार
नवादा। पटना स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर नवादा में कांग्रेस ने अपनी चुनावी सक्रियता तेज कर दी है। दोनों उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के संकल्प के साथ बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर हुंकार भरी। रामनगर स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में जिलाध्यक्ष प्रभाकर झा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के उम्मीदवार डॉ. असदुल्लाह खान और पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के उम्मीदवार डॉ. संजय कुमार यादव को विजयी बनाने की रणनीति पर चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं से घर-घर पहुंचकर मतदाताओं को पार्टी के पक्ष में गोलबंद करने का आह्वान किया गया।

शिक्षक और स्नातक समाज के अधिकारों पर कांग्रेस का जोर
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक नरेंद्र कुमार ने कहा कि शिक्षक और स्नातक समाज देश की रीढ़ हैं। कांग्रेस हमेशा शिक्षकों, युवाओं और शिक्षित वर्ग के अधिकारों के लिए संघर्ष करती रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों और उम्मीदवारों के विचारों को घर-घर तक पहुंचाने तथा चुनाव में पूरी ताकत झोंकने की अपील की।

पूर्व विधायक नीतू देवी ने कहा कि प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों में बदलाव की बयार बह रही है। वहीं, जिला प्रभारी शशि कुमार ने चुनाव में बूथ स्तर पर एकजुटता के साथ काम करने और अधिक से अधिक मतदाताओं से सीधा संपर्क स्थापित करने पर जोर दिया।

विधान परिषद में जनसमस्याओं की आवाज बुलंद करने का भरोसा
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के उम्मीदवार डॉ. असदुल्लाह खान ने कहा कि वे निर्वाचित होने पर आम लोगों की समस्याओं को विधान परिषद में मजबूती से उठाएंगे। उन्होंने जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने का भरोसा दिलाया।

वहीं, पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के उम्मीदवार डॉ. संजय कुमार यादव ने वित्त रहित शिक्षकों के वेतनमान, बकाया भुगतान और पुरानी पेंशन समेत शिक्षकों की प्रमुख मांगों को लेकर संघर्ष करने की बात कही। उन्होंने शिक्षकों के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आवाज उठाने का भरोसा जताया।

जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को सौंपी जीत की जिम्मेदारी
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रभाकर झा ने कार्यकर्ताओं से दोनों उम्मीदवारों के पक्ष में अधिक से अधिक मतदान सुनिश्चित कराने का आह्वान किया। उन्होंने चुनाव में संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
बैठक के बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शहीद भगत सिंह तथा भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर विभिन्न प्रखंडों के अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

