कंधे पर स्टार लगते ही बदल गई भूमिका, 147 पुलिसकर्मियों को मिली नई कमान!

नवादा पुलिस में एक साथ 147 एएसआई बने एसआई, एसपी अभिनव धीमान ने दिए सख्त निर्देश—अब थानों में दिखेगा नई जिम्मेदारी का असर
Report by Nawada News Xpress / नवादा / सूरज कुमार
नवादा। पुलिस मुख्यालय, बिहार के दिशा-निर्देशों के आलोक में नवादा जिला पुलिस बल में कार्यरत 147 पुलिसकर्मियों के लिए सामूहिक प्रोन्नति समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में जिले के विभिन्न थानों एवं शाखाओं में तैनात 147 सहायक अवर निरीक्षकों (एएसआई) को पुलिस अवर निरीक्षक (एसआई) के पद पर पदोन्नति दी गई। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने नवप्रोन्नत पुलिस अधिकारियों के कंधे पर स्टार लगाकर उनका सम्मान किया और नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। प्रोन्नति मिलने के बाद पुलिसकर्मियों में हर्ष और उत्साह का माहौल देखा गया।

समारोह को संबोधित करते हुए एसपी अभिनव धीमान ने कहा कि पदोन्नति महज पद और वर्दी में बदलाव नहीं है, बल्कि इसके साथ प्रशासनिक एवं पुलिसिंग की जिम्मेदारियां भी बढ़ जाती हैं। उन्होंने नवप्रोन्नत अवर निरीक्षकों को पूरी निष्ठा, अनुशासन और मानवीय संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि पुलिस का सीधा सरोकार आम नागरिकों से है। ऐसे में थाने में फरियाद लेकर पहुंचने वाले पीड़ितों के साथ सहानुभूति और सम्मानजनक व्यवहार किया जाए तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।

अपराध नियंत्रण और लंबित कांडों के निष्पादन पर विशेष जोर
एसपी ने जिले में विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए अपराध नियंत्रण और लंबित कांडों के अनुसंधान में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम जनता को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना और कानून का निष्पक्ष पालन सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी पुलिस पदाधिकारियों को पूरी जवाबदेही के साथ पेशेवर पुलिसिंग करने की हिदायत दी गई।

संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ाने और सूचना तंत्र मजबूत करने का निर्देश
एसपी ने कहा कि प्रभावी पुलिसिंग के लिए पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय एवं विश्वास जरूरी है। उन्होंने नवप्रोन्नत अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त करने, संवेदनशील स्थलों पर पैनी नजर रखने और किसी भी आपराधिक अथवा भ्रामक सूचना पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने सूचना तंत्र को मजबूत करने पर भी विशेष जोर दिया, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।

समारोह के दौरान एसपी ने सभी नवप्रोन्नत अधिकारियों को कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने तथा किसी भी परिस्थिति में कानून के साथ समझौता नहीं करने का संदेश दिया। मौके पर जिले के कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे और उन्होंने पदोन्नत हुए सभी पुलिस अवर निरीक्षकों को बधाई दी। 147 एएसआई के एसआई पद पर पदोन्नत होने से जिले के विभिन्न थानों में अनुसंधान एवं विधि-व्यवस्था से जुड़े कार्यों को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

