डीएम हो तो ऐसा: रजौली के अंबेडकर छात्रावास में अचानक पहुंचे डीएम, बच्चों के साथ बैठकर किया भोजन… फिर दिए ये निर्देश

डीएम रवि प्रकाश ने छात्रावास की व्यवस्था से लेकर पढ़ाई तक का लिया जायजा, विद्यार्थियों से सीधे जाना हाल; अंग्रेजी, लाइब्रेरी और डिजिटल पढ़ाई पर दिया जोर
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार
नवादा। जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश ने बुधवार को रजौली के डॉ भीमराव अंबेडकर आवासीय छात्रावास का औचक निरीक्षण किया। अचानक हुए निरीक्षण से छात्रावास की व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति सामने आई। डीएम ने छात्रावास में रह रहे विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही आवासीय, शैक्षणिक एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने छात्रावास के विभिन्न कक्षों, परिसर, रसोईघर, भोजन व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, शौचालय एवं साफ-सफाई की स्थिति देखी। उन्होंने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई, भोजन, रहने की व्यवस्था और अन्य आवश्यकताओं की जानकारी ली। विद्यार्थियों से मिले फीडबैक के आधार पर संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने का निर्देश दिया।

डीएम ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, विद्यार्थियों की उपस्थिति और पठन-पाठन की स्थिति की भी जानकारी ली। उन्होंने शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने तथा विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने का निर्देश दिया। साथ ही विद्यार्थियों को अंग्रेजी भाषा का ज्ञान बढ़ाने तथा अंग्रेजी लिखने और बोलने का नियमित अभ्यास करने के लिए प्रेरित किया।

जिला पदाधिकारी ने विद्यालय के प्राचार्य को लाइब्रेरी में हिंदी और अंग्रेजी के समाचार-पत्रों के साथ करंट अफेयर्स से जुड़ी पत्र-पत्रिकाओं एवं मैगजीन की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इससे विद्यार्थियों में पढ़ने की आदत विकसित होने के साथ-साथ सामान्य ज्ञान और समसामयिक घटनाओं की जानकारी भी बढ़ेगी। विद्यार्थियों को डिजिटल शैक्षणिक संसाधनों का उपयोग करने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया।

निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से गतिविधियों का भी अवलोकन किया गया। डीएम ने छात्रावास में स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण, गुणवत्तापूर्ण भोजन, पेयजल, विद्युत सहित सभी मूलभूत सुविधाओं की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

बच्चों के साथ बैठकर किया भोजन
निरीक्षण का खास पहलू यह रहा कि जिला पदाधिकारी ने छात्रावास में संचालित भोजन व्यवस्था का जायजा लेते हुए विद्यार्थियों के साथ बैठकर भोजन किया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता के संबंध में विद्यार्थियों से सीधे जानकारी ली। इसके बाद छात्रावास प्रबंधन को निर्धारित मीनू और समय के अनुसार स्वच्छ, पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने तथा भोजन की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान सहायक समाहर्ता, रजौली अनुमंडल पदाधिकारी, गोपनीय शाखा प्रभारी तथा जिला कल्याण पदाधिकारी सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

