चार माह के गर्भ के साथ विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके वालों ने लगाया जहर देकर हत्या का आरोप

 विवाहिता की संदिग्ध मौत,

शादी के महज 14 माह बाद उजड़ गया सुहाग, दहेज में तीन लाख रुपये मांगने का आरोप; सास हिरासत में, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा जिला के कौआकोल थाना क्षेत्र स्थित सरौनी पंचायत अंतर्गत प्रभानगर गांव के नयकाडीह टोला में शनिवार की देर रात एक 18 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान नयकाडीह निवासी गोलू कुमार की पत्नी सुविता कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुविता करीब चार माह की गर्भवती थी। घटना के बाद उसके मायके और ससुराल पक्ष में मातम का माहौल है।

advertisement

जानकारी के अनुसार, सुविता की शादी करीब 14 माह पूर्व गोलू कुमार, पिता प्रमोद चौधरी, के साथ हुई थी। बताया जाता है कि उसका पति बाहर रहकर काम करता था। शनिवार की देर रात विवाहिता की मौत की सूचना मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। रविवार की सुबह सूचना मिलते ही कौआकोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेते हुए जांच शुरू कर दी।

advertisment

मायके वालों ने लगाया गंभीर आरोप

मृतका की मां संजू देवी, पति रामाशीष चौधरी, निवासी रेवार गांव, थाना धमौल, प्रखंड पकरीबरावां, ने कौआकोल थाना में लिखित आवेदन देकर ससुर प्रमोद चौधरी, सास सानू देवी और पति गोलू चौधरी पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि ससुराल पक्ष द्वारा तीन लाख रुपये दहेज की मांग की जा रही थी और मांग पूरी नहीं होने पर सुविता को कथित रूप से प्रताड़ित किया जाता था। मायके वालों ने यह भी आरोप लगाया है कि विवाहिता को कथित रूप से जहर देकर उसकी हत्या की गई।

advertisement

घटना के बाद पुलिस ने मृतका की सास सानू देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। अपर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए नवादा भेज दिया।

ads

पोस्टमार्टम रिपोर्ट खोलेगी मौत का राज

फिलहाल विवाहिता की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। मायके वालों के आरोपों की पुलिस जांच कर रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्य, परिजनों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही मौत की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।

Ad

थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में भी तरह-तरह की चर्चाएं हैं।

ad

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page