एक मासूम की मौत, कई गुनहगार! 14 वर्षीय सन्नी की जान लेने वाले इस सिस्टम पर कब चलेगा बुलडोजर?

बिचाली लदा ट्रैक्टर पलटा, चालक फरार; बाल श्रम और नाबालिगों से वाहन संचालन पर फिर उठे बड़े सवाल। कम मजदूरी के लालच में बच्चों से कराए जा रहे खतरनाक काम, जिम्मेवार कौन?

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा। जिले के नरहट थाना क्षेत्र के चनपुरा-राहुल नगर पथ स्थित एक ईंट-भट्ठा के समीप शुक्रवार को हुए दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर नाबालिगों से वाहन संचालन और मजदूरी कराए जाने की गंभीर समस्या को उजागर कर दिया। बिचाली लदा ट्रैक्टर पइन में पलट जाने से उस पर सवार 14 वर्षीय सन्नी कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे ने न सिर्फ एक परिवार का चिराग बुझा दिया, बल्कि समाज और प्रशासन के सामने कई गंभीर सवाल भी खड़े कर दिए हैं।

मृतक की पहचान जमुआरा पंचायत के अखरा गांव निवासी पन्ना लाल राजवंशी के 14 वर्षीय पुत्र सन्नी कुमार के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल किशोर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरहट ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। नरहट थानाध्यक्ष गौतम कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है तथा पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

घटना की सूचना मिलते ही जमुआरा पंचायत के सरपंच मनीष रंजन अस्पताल पहुंचे और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में नाबालिगों से ट्रैक्टर चलवाने और मजदूरी कराने की प्रवृत्ति लगातार बढ़ रही है, जो आए दिन ऐसे हादसों को जन्म दे रही है। उनका आरोप है कि कम मजदूरी के लालच में वाहन मालिक नाबालिग बच्चों के हाथों में ट्रैक्टर की स्टेयरिंग थमा देते हैं। उन्होंने बताया कि जिस ट्रैक्टर पर बिचाली लदी थी, उस पर चालक समेत सभी मजदूर नाबालिग बताए जा रहे हैं।

हादसे के बाद चालक और अन्य लोग मौके से फरार हो गए। सरपंच ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने, साथ ही नाबालिगों से वाहन संचालन और बाल मजदूरी पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की। यह हादसा सिर्फ एक दुर्घटना नहीं, बल्कि समाज और प्रशासन दोनों के लिए चेतावनी है। यदि समय रहते नाबालिगों से खतरनाक कार्य कराए जाने पर प्रभावी रोक नहीं लगी, तो ऐसी घटनाएं आगे भी मासूम जिंदगियां निगलती रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page