मॉडर्न इंटरनेशनल स्कूल में बच्चों ने दिखाया ‘मार्शल पावर’, कराटे शिविर में गूंजा आत्मरक्षा का जुनून

किक-पंच और सेल्फ डिफेंस के दमदार प्रदर्शन ने जीता सबका दिल, बच्चों में दिखा अनुशासन और आत्मविश्वास

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा जिले के नारदीगंज स्थित सीबीएसई से मान्यता प्राप्त मॉडर्न इंटरनेशनल स्कूल, नारदीगंज में आयोजित दो दिवसीय कराटे प्रशिक्षण शिविर का उत्साहपूर्ण वातावरण में सफल समापन हुआ। पूरे शिविर के दौरान विद्यालय परिसर ऊर्जा, अनुशासन और आत्मविश्वास से सराबोर नजर आया। बच्चों ने आत्मरक्षा के विभिन्न गुर सीखकर अपने अंदर छिपी प्रतिभा और साहस का शानदार प्रदर्शन किया। विद्यालय के निदेशक डॉ. अनुज कुमार सिंह के निर्देशानुसार 25 मई से 30 मई तक आयोजित ग्रीष्मकालीन शिविर के अंतर्गत इस विशेष कराटे प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

शिविर का संचालन मास्टर मार्टिन संतोष कुमार ठाकुर द्वारा किया गया, जिन्होंने बच्चों को कराटे की बारीकियों से अवगत कराया। सोमवार और मंगलवार को आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में लगभग 70 छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान बच्चों को कराटे की बुनियादी तकनीकों के साथ-साथ कुमीते के नियम, फुटवर्क, किक, पंच, ब्लॉकिंग तकनीक और आत्मरक्षा के व्यावहारिक तरीके सिखाए गए। बच्चों ने हर गतिविधि में अनुशासन और जोश के साथ हिस्सा लिया। शिविर के दौरान विद्यार्थियों ने कराटे प्रदर्शन प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

बच्चों के आत्मविश्वास और ऊर्जा से भरे प्रदर्शन को देखकर उपस्थित अभिभावक और शिक्षक भी काफी प्रभावित हुए। पूरे परिसर में तालियों की गूंज सुनाई देती रही। विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुनील कुमार मिश्रा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आज के समय में बच्चों के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण बेहद आवश्यक हो गया है। उन्होंने कहा कि कराटे और मार्शल आर्ट्स न केवल आत्मरक्षा सिखाते हैं, बल्कि बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, साहस और सकारात्मक सोच का भी विकास करते हैं।

इससे बच्चे मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत बनते हैं तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित होते हैं। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षकगण भी सक्रिय रूप से मौजूद रहे और बच्चों का उत्साहवर्धन करते रहे। इस अवसर पर सोनू कुमार, सुमित कुमार, ओमप्रकाश, बिट्टू कुमार, राहुल (विद्या), विकास कुमार निराला, महिमा ख्वाहिश, अनमोल कुमार, श्री नारायण पाठक, संगीक ठाकुर, अर्चना पांडेय, श्वेता कुमारी एवं परमानंद कुमार समेत विद्यालय परिवार के कई सदस्य उपस्थित रहे।

विद्यालय प्रबंधन ने जानकारी दी कि आने वाले दिनों में हिसुआ और नवादा में भी दो दिवसीय कराटे प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक बच्चों को आत्मरक्षा एवं फिटनेस प्रशिक्षण का लाभ मिल सके। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय परिवार ने प्रशिक्षकों, अभिभावकों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page