छेड़खानी या पड़ोसियों की जंग? नवादा पुलिस की जांच में वायरल दावे पर बड़ा खुलासा”, एसपी ने कहा भ्रामक खबर चलाने वाले यूट्यूबर पर होगी कार्रवाई

सोशल मीडिया पर फैली सनसनी के बीच पुलिस का दावा — कॉलेज जाने से रोकने और छेड़खानी की खबर निकली भ्रामक, फैक्ट्री के प्रदूषण और पुरानी रंजिश का निकला असली विवाद 

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा। सोशल मीडिया और कुछ यूट्यूब चैनलों पर तेजी से वायरल हो रही कथित छेड़खानी की खबर पर नवादा पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस-विज्ञप्ति में कहा गया है कि नगर थाना क्षेत्र के शोभिया इलाके में लड़की के कॉलेज आने-जाने के दौरान छेड़खानी और अभद्र टिप्पणी किए जाने की जो बातें प्रसारित की गईं, उनकी जांच में मामला कुछ और ही निकला। पुलिस के अनुसार, घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल टीम भेजकर जांच-पड़ताल की गई और आसपास के लोगों से पूछताछ की गई। जांच में सामने आया कि दोनों पक्ष पड़ोसी हैं और इनके बीच पहले से विवाद चला आ रहा है। इस संबंध में नगर थाना कांड संख्या 98/26 दिनांक 26 जनवरी 2026 को पहले से मामला दर्ज है, जो फिलहाल अनुसंधान के अधीन है।

फैक्ट्री के प्रदूषण से शुरू हुआ विवाद!

प्राथमिक जांच और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार विवाद की असली वजह आवासीय इलाके में संचालित आटा, दाल और तेल फैक्ट्री बताई जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि फैक्ट्री से निकलने वाली धूल और अपशिष्ट पदार्थ आसपास के घरों में फैलते हैं, जिससे लोगों को सांस संबंधी परेशानियां हो रही हैं। इसी मुद्दे को लेकर स्थानीय निवासी लगातार विरोध जता रहे थे। पुलिस का कहना है कि इसी विवाद के बाद सामाजिक दबाव बनाने और विरोध करने वालों को बदनाम करने के उद्देश्य से भ्रामक नैरेटिव फैलाया गया।

“छेड़खानी की पुष्टि नहीं” — पुलिस

प्रेस-विज्ञप्ति में साफ कहा गया है कि अब तक की जांच में छेड़खानी जैसी किसी घटना की पुष्टि आसपास के लोगों द्वारा नहीं की गई है। वहीं पुलिस ने यह भी कहा कि कुछ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और यूट्यूब चैनलों ने मामले को सनसनीखेज तरीके से पेश कर समाज में भ्रम की स्थिति पैदा की।

भ्रामक खबर चलाने वालों पर होगी कार्रवाई

पुलिस प्रशासन ने चेतावनी देते हुए कहा है कि अपुष्ट और भ्रामक खबरें प्रसारित करने वाले संबंधित यूट्यूब चैनलों और सोशल मीडिया अकाउंट्स के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जिला पदाधिकारी को भी आवासीय क्षेत्र में संचालित मिल की जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए आवेदन दिया जा रहा है।

जनता से अपील — अफवाहों से रहें सावधान

नवादा पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि बिना सत्यापन के वायरल खबरों पर भरोसा न करें और किसी भी सूचना को साझा करने से पहले उसकी पुष्टि जरूर करें। प्रशासन ने कहा कि कानून हाथ में लेने या अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page