दो बच्चों की मां पर चढ़ा इश्क का ऐसा खुमार, प्रेमी संग मिलकर पति को खिलाया जहर, तड़पते हुए हुई मौत

अवैध संबंध में पति बना रोड़ा तो रची मौत की साजिश, पुलिस ने हत्यारी पत्नी को दबोचा; प्रेमी फरार, दो मासूमों के सिर से उठा पिता का साया

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया है। मांगोडीह गांव में कथित अवैध संबंध के चलते एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को मौत के घाट उतार दिया। आरोप है कि पति द्वारा अवैध संबंधों का विरोध करना उसकी जिंदगी की सबसे बड़ी “गलती” बन गया। पहले मारपीट और धमकियां दी गईं, फिर रास्ते से हटाने के लिए जहर खिलाकर उसकी हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने आरोपी पत्नी सिया देवी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि उसका कथित प्रेमी संतोष यादव अब भी फरार है।

पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। बताया जाता है कि 24 मई 2026 की सुबह मांगोडीह गांव निवासी रविंद्र राजवंशी उर्फ मंगरू उर्फ धर्मेंद्र राजवंशी को गंभीर हालत में रजौली अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया। युवक की हालत इतनी बिगड़ी हुई थी कि अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. अभिप्राय चौधरी ने प्राथमिक इलाज के बाद स्थिति नाजुक देखते हुए उसे तुरंत विम्स पावापुरी रेफर कर दिया। लेकिन जिंदगी और मौत से जूझते हुए आखिरकार 25 मई की दोपहर उसकी मौत हो गई। मृतक के नाना राजो राजवंशी ने थाने में दिए आवेदन में जो खुलासा किया, उसने सभी को हैरान कर दिया। आवेदन के अनुसार, मंगरू की शादी गांव की ही सिया देवी से हुई थी। शादी के बाद वह पत्नी के दबाव में अपने ससुराल में ही रहने लगा था।

इसी दौरान गंगटा गांव निवासी संतोष यादव का घर में लगातार आना-जाना शुरू हुआ। धीरे-धीरे दोनों के बीच कथित अवैध संबंध बन गए। परिजनों का आरोप है कि जब मंगरू ने पत्नी और उसके प्रेमी के संबंधों का विरोध किया तो दोनों उसके दुश्मन बन बैठे। कई बार उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बावजूद मंगरू अपने परिवार को बचाने की कोशिश करता रहा। लेकिन कथित प्रेम संबंध में बाधा बन रहे पति को रास्ते से हटाने के लिए पत्नी और प्रेमी ने मिलकर खौफनाक साजिश रच डाली। आरोप है कि मंगरू को जहरीला पदार्थ खिलाया गया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

इस घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतक अपने पीछे दो छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गया है, जिनके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया। गांव में लोग इस वारदात को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर रंजीत कुमार ने बताया कि मृतक के नाना के आवेदन पर आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी के खिलाफ हत्या एवं एससी-एसटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि फरार प्रेमी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page