सनसनी- खीरे के कैरेट में क्या छुपा था करोड़ों का नशा! रजौली चेकपोस्ट पर हुआ बड़ा खुलासा

17 बोरा डोडाt जब्त, 23 लाख की खेप बरामद — पिकअप सहित दो तस्कर दबोचे गए

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा जिले के रजौली चेकपोस्ट पर बुधवार को उत्पाद विभाग ने एक जबरदस्त कार्रवाई करते हुए नशा तस्करों के बड़े खेल का पर्दाफाश कर दिया। खीरे के कैरेट के नीचे बेहद शातिर तरीके से छिपाकर ले जाए जा रहे 185.200 किलोग्राम डोडा (पॉपी स्ट्रा) को बरामद किया गया।

इस दौरान दो तस्करों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि एक पिकअप वाहन भी जब्त किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, जब्त डोडा की बाजार कीमत करीब 23 लाख रुपये आंकी गई है, जो इस तस्करी के नेटवर्क की गंभीरता को दर्शाती है।

मद्यनिषेध जांच चौकी पर कड़ी निगरानी, हर वाहन की हो रही सघन जांच

उत्पाद अधीक्षक अरुण कुमार मिश्र ने बताया कि बिहार में मद्यनिषेध को लेकर रजौली समेकित जांच चौकी पर चौकसी बेहद सख्त कर दी गई है। झारखंड की ओर से आने वाले हर छोटे-बड़े वाहन की बारीकी से जांच की जा रही है। इस अभियान का नेतृत्व अवर निरीक्षक प्रवीण कुमार कर रहे हैं।

पश्चिम बंगाल से मोतिहारी जा रही थी नशे की खेप, सप्लायर की तलाश तेज

बरामद डोडा एक पिकअप (WB-55E/6251) में लदा था, जिसे 17 बोरों में भरकर खीरे के कैरेट के नीचे छुपाया गया था। पूछताछ में गिरफ्तार तस्करों ने खुलासा किया कि यह खेप पश्चिम बंगाल से मोतिहारी ले जाई जा रही थी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पुरुलिया जिले के रोहित रजक और शंकर गोराई के रूप में हुई है। दोनों ने बताया कि उन्हें यह डोडा उपेंद्र राय द्वारा दिया गया था। पुलिस अब सप्लायर के नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज, दोनों तस्कर भेजे गए जेल

इस कार्रवाई में सहायक अवर निरीक्षक विश्वजीत कुमार सिंह, गृह रक्षक पप्पू पंडित और प्रमोद कुमार की अहम भूमिका रही। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट 1985 की धारा 15सी और 8सी के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मेडिकल जांच के बाद दोनों तस्करों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

नशा तस्करों पर उत्पाद विभाग का शिकंजा हुआ और कड़ा

इस बड़ी कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि नवादा में नशे के कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उत्पाद विभाग लगातार सख्त कार्रवाई कर तस्करों के नेटवर्क को तोड़ने में जुटा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page