बाइक सवार को रौंदा, तो यात्री बस को कर दिया आग के हवाले, पढ़ें पूरी खबर 

बस की तेज रफ्तार ने बाइक सवार युवक को रौंदकर ले ली जान, साथ बैठा भाई हुआ जख्मी

नवादा-जमुई पथ पर पकरीबरावां थाना क्षेत्र की है घटना, धू-धूकर जलती रही बस, मुकदर्शक बनी रही पुलिस 

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार

नवादा में बाइक सवार दो भाइयों को एक यात्री बस ने रौंद डाला, जिसमें एक भाई की मौत घटना स्थल पर ही हो गई।  यह घटना रविवार की सुबह नवादा-जमुई पथ पर पकरीबरावां थाना क्षेत्र के मोहन बिगहा गांव के समीप हुई।

घटना बाद आक्रोशित लोगों ने धक्का मारने वाला पांडव यात्री बस को आग लगाकर फूंक दिया। बताया जाता है कि पकरीबरावां बाजार के कोयरी टोला निवासी अमरिक महतो उर्फ आमो के दो पुत्र दीपक कुमार और बिपिन कुमार बाइक से अपने ननिहाल पकरीबरावां थाना क्षेत्र के ही गोपालपुर गांव जा रहे थे।

नाना की तबीयत खराब रहने की सूचना पर दोनों भाई उन्हें देखने जा रहे थे। पकरीबरावां बाजार पार करने के दौरान ही जमुई की ओर से आ रही यात्री बस पांडेय ट्रेवल्स से बाइक की सीधी टक्कर हो गई। हादसे में दीपक की मौत हो गई, जबकि बिपिन गंभीर रूप से जख्मी हो गया।

जख्मी का प्राथमिक उपचार पीएचसी पकरीबरावां में कराने के बाद सदर अस्पताल नवादा रेफर कर दिया गया है। इधर, हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने बस को आग के हवाले कर दिया। लोग बता रहे हैं कि जिस वक्त बस को आग लगाई जा रही थी, उस वक्त पुलिस भी वहीं मौजूद थी।

लेकिन, भीड़ के आक्रोश में पुलिस बलों की कमी के कारण मौजूद पुलिस अफसर और जवान मुकदर्शक बने देखते रहे। इस घटना के बाद सड़क पर यातायात परिचालन बाधित हो गया। दमकल के सहारे आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया,

लेकिन तब तक आग बस को पूरी तरह से अपने आगोश में ले चुका था। बाद में पूरे दलबल के साथ पहुंची पुलिस तफ्तीश में जुट गई है। गौरतलब हो की इन दिनों जिले में सड़क सुरक्षा माह चलाया जा रहा है,

बावजूद सड़क दुर्घटना कमने का नाम नहीं ले रहा है। बता दें कि पिछले साल जिले में 314 सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी है, जिसमें 237 लोगों की मौत हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page