Home Blog Page 4

कौन है फिरोज आलम जिसकी हत्याकांड को लेकर माले का फूटा गुस्सा, कहा- अपराधियों के रहमो-करम पर चल रही है सम्राट की सरकार

0

फिरोज आलम हत्या मामले को लेकर भाकपा माले ने किया सफीगंज का दौरा, अपराधियों की गिरफ्तारी का किया मांग, पीड़ित परिवार से मिलकर जांच टीम किया 20 लाख मुआवजा, सरकारी नौकरी और हत्यारों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग

Report by Nawada News Xpress

नवादा। जिले के सफीगंज क्षेत्र में बीते 27 जून को हुई फिरोज आलम की निर्मम हत्या के विरोध में भाकपा माले की जिला स्तरीय जांच टीम ने शनिवार को पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की विस्तृत जानकारी ली। जांच दल में जिला कमिटी सदस्य सह खेग्रामस जिला सचिव अजित कुमार मेहता, प्रमोद यादव, अर्जुन पासवान, बिंदु यादव एवं टुनटुन तांती शामिल थे। जांच दल ने मृतक के परिजनों से बातचीत की तथा शव की स्थिति का भी अवलोकन किया। मृतक की पत्नी फिरदोस बानो ने जांच टीम को बताया कि शुक्रवार की सुबह करीब 6 बजे मसूदा गांव निवासी वीरेंद्र यादव, फिरोज आलम को घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे।

इसके बाद दोपहर करीब 1 बजे सूचना मिली कि मकनपुर गांव स्थित तालाब के समीप फिरोज आलम का शव पड़ा हुआ है। परिजन जब घटनास्थल पर पहुंचे तो देखा कि उनकी बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। इसके बाद शव को घर लाया गया तथा पुलिस प्रशासन को घटना की सूचना दी गई। जांच दल का नेतृत्व कर रहे खेग्रामस जिला सचिव अजित कुमार मेहता ने कहा कि फिरोज आलम की हत्या प्रदेश में लगातार बढ़ रहे अपराध और नफरत की राजनीति का परिणाम है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में अपराधियों के रहमो-करम पर सरकार चल रही है। राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है और अपराधियों का मनोबल सातवें आसमान पर है।

भाकपा माले ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए सरकार से मांग की है कि फिरोज आलम हत्याकांड में शामिल सभी अपराधियों को अविलंब गिरफ्तार कर कठोर से कठोर सजा दी जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को 20 लाख रुपये मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी तथा सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए। माले नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित नहीं करती है, तो पार्टी आंदोलन चलाने को बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी।

मुहर्रम जुलूस के बीच नवादा में कब आएगी बिजली? जानिए कब तक रहेगा पावर कट, बिजली विभाग ने दिया बड़ा अपडेट

0

ताजिया पहलाम तक सुरक्षा के मद्देनज़र कई इलाकों में बिजली रहेगी बंद, मौका मिलने पर बीच-बीच में सप्लाई देने का प्रयास; एसडीओ ने लोगों से की सहयोग की अपील।

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा। मुहर्रम के अवसर पर ताजिया जुलूस और पहलाम को देखते हुए नवादा शहर के कई इलाकों में एहतियातन विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई है। ऐसे में लोगों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर बिजली कब तक बंद रहेगी और सप्लाई कब बहाल होगी। इसी मुद्दे पर Nawada News Xpress के संवाददाता ने विद्युत विभाग के एसडीओ प्रत्युष कुमार से विशेष बातचीत की। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिजली काटने का निर्णय पूरी तरह सुरक्षा को ध्यान में रखकर जिला प्रशासन एवं शांति समिति की बैठक में लिए गए निर्णय के अनुरूप किया गया है।

एसडीओ ने बताया कि ताजिया जुलूस के लिए पहले से एक एडवाइजरी जारी की गई थी, लेकिन कई बार निर्धारित समय का पालन नहीं हो पाता। इसी कारण परिस्थितियों के अनुसार बिजली की आपूर्ति बंद और चालू करनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि जब तक सभी ताजिया सुरक्षित रूप से बुंदेलखंड कब्रिस्तान नहीं पहुंच जाते, तब तक यह बताना संभव नहीं है कि बिजली पूरी तरह कब बहाल होगी। हालांकि जहां भी सुरक्षा की दृष्टि से संभव होगा, वहां बीच-बीच में कुछ घंटों के लिए बिजली चालू करने का प्रयास किया जाएगा।
एसडीओ ने बताया कि जिला प्रशासन के निर्देशानुसार सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक कुछ स्थानों पर बिजली देने की योजना थी, लेकिन सुरक्षा सर्वोपरि होने के कारण कई जगहों पर आपूर्ति रोकनी पड़ी। दोपहर 3 बजे के बाद फिर से ताजिया पहलाम को देखते हुए बिजली बंद रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि बीच में सुरक्षित अवसर मिला तो दो से तीन घंटे के लिए बिजली आपूर्ति बहाल करने की कोशिश की जाएगी, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके। लेकिन अंतिम निर्णय ताजिया जुलूस की स्थिति और प्रशासन से मिलने वाले क्लियरेंस पर निर्भर करेगा।

एसडीओ प्रत्युष कुमार ने बताया कि रात में जब तक प्रशासन से पूर्ण क्लियरेंस नहीं मिल जाता, तब तक नियमित बिजली आपूर्ति शुरू होने की संभावना नहीं है। पिछले वर्ष ताजिया पहलाम देर रात करीब एक बजे तक चला था। इस बार यदि पहलाम जल्दी संपन्न हो जाता है तो उसी अनुरूप बिजली भी जल्द बहाल करने का प्रयास किया जाएगा। बिजली विभाग ने शहरवासियों से अपील की है कि सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें और अफवाहों पर ध्यान न दें। विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है तथा सुरक्षित अवसर मिलते ही बिजली आपूर्ति बहाल की जाएगी।

एक मासूम की मौत, कई गुनहगार! 14 वर्षीय सन्नी की जान लेने वाले इस सिस्टम पर कब चलेगा बुलडोजर?

0

बिचाली लदा ट्रैक्टर पलटा, चालक फरार; बाल श्रम और नाबालिगों से वाहन संचालन पर फिर उठे बड़े सवाल। कम मजदूरी के लालच में बच्चों से कराए जा रहे खतरनाक काम, जिम्मेवार कौन?

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा। जिले के नरहट थाना क्षेत्र के चनपुरा-राहुल नगर पथ स्थित एक ईंट-भट्ठा के समीप शुक्रवार को हुए दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर नाबालिगों से वाहन संचालन और मजदूरी कराए जाने की गंभीर समस्या को उजागर कर दिया। बिचाली लदा ट्रैक्टर पइन में पलट जाने से उस पर सवार 14 वर्षीय सन्नी कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे ने न सिर्फ एक परिवार का चिराग बुझा दिया, बल्कि समाज और प्रशासन के सामने कई गंभीर सवाल भी खड़े कर दिए हैं।

मृतक की पहचान जमुआरा पंचायत के अखरा गांव निवासी पन्ना लाल राजवंशी के 14 वर्षीय पुत्र सन्नी कुमार के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल किशोर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरहट ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। नरहट थानाध्यक्ष गौतम कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है तथा पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

घटना की सूचना मिलते ही जमुआरा पंचायत के सरपंच मनीष रंजन अस्पताल पहुंचे और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में नाबालिगों से ट्रैक्टर चलवाने और मजदूरी कराने की प्रवृत्ति लगातार बढ़ रही है, जो आए दिन ऐसे हादसों को जन्म दे रही है। उनका आरोप है कि कम मजदूरी के लालच में वाहन मालिक नाबालिग बच्चों के हाथों में ट्रैक्टर की स्टेयरिंग थमा देते हैं। उन्होंने बताया कि जिस ट्रैक्टर पर बिचाली लदी थी, उस पर चालक समेत सभी मजदूर नाबालिग बताए जा रहे हैं।

हादसे के बाद चालक और अन्य लोग मौके से फरार हो गए। सरपंच ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने, साथ ही नाबालिगों से वाहन संचालन और बाल मजदूरी पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की। यह हादसा सिर्फ एक दुर्घटना नहीं, बल्कि समाज और प्रशासन दोनों के लिए चेतावनी है। यदि समय रहते नाबालिगों से खतरनाक कार्य कराए जाने पर प्रभावी रोक नहीं लगी, तो ऐसी घटनाएं आगे भी मासूम जिंदगियां निगलती रहेंगी।

शादी की खुशियां मातम में बदलीं: बहन का कार्ड बांटने निकले भाई की सड़क हादसे में मौत, ऑटो सीख रहे किशोर ने भी गंवाई जान

0

नवादा में कुछ ही घंटों के अंतराल पर दो दर्दनाक सड़क हादसों ने उजाड़ दिए दो परिवार… कहीं बहन की डोली से पहले भाई की अर्थी उठी, तो कहीं ऑटो सीखने निकले किशोर की जिंदगी सड़क पर ही थम गई। पूरे जिले में मातम और गम का माहौल।

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा। नवादा जिले में सड़क हादसों ने दो परिवारों की खुशियां पलभर में छीन लीं। एक ओर बहन की शादी के कार्ड बांटने निकला 18 वर्षीय युवक हमेशा के लिए दुनिया छोड़ गया, तो दूसरी ओर ऑटो चलाना सीख रहे 16 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। इन दोनों हादसों ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। पहली घटना नरहट थाना क्षेत्र के रामपुर गांव के सिद्धार्थ कुमार उर्फ मोनू (18) की है। वह अपनी बहन की 29 जून को होने वाली शादी का निमंत्रण कार्ड बांटने राजगीर के सिथौरा गांव गया था।

करियना मोड़ के समीप अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल सिद्धार्थ को पहले राजगीर अस्पताल और फिर बिहारशरीफ सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सिद्धार्थ के पिता का एक वर्ष पहले ही निधन हो चुका था और अब वही परिवार का एकमात्र सहारा था। 25 जून को बहन का तिलक-फलदान और 29 जून को विवाह होना था, लेकिन जिस घर में शहनाई गूंजने वाली थी, वहां अब चीख-पुकार और मातम पसरा है। शव गांव पहुंचते ही पूरे इलाके की आंखें नम हो गईं।

वहीं दूसरी घटना रजौली थाना क्षेत्र के लोमस ऋषि पहाड़ी के समीप हुई, जहां ऑटो चलाना सीख रहे दो किशोर दुर्घटना का शिकार हो गए। हादसे में डीह रजौली निवासी मुकेश कुमार (16) की मौत हो गई, जबकि उसका साथी प्रिंस कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। सुनसान इलाके में हादसा होने के कारण सूचना देर से मिली। परिजन दोनों को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मुकेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल प्रिंस को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

रजौली थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, जबकि नरहट क्षेत्र में हुए हादसे में अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। इन दोनों दर्दनाक घटनाओं ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। नवादा में एक ही दिन दो परिवारों की खुशियां उजड़ गईं—कहीं बहन की डोली से पहले भाई की अर्थी उठी, तो कहीं ऑटो सीखने का सपना मौत के सफर में बदल गया।

“सेवा, सम्मान और समाज बदलाव का बड़ा ब्लूप्रिंट तैयार! रोटरी क्लब नवादा की बैठक में लिए गए कई ऐतिहासिक फैसले”

0

1 जुलाई से नए सत्र का होगा आगाज़, डॉक्टर्स डे पर सम्मान समारोह, हजारों पौधे लगाने की तैयारी; नई टीम ने लिया जनसेवा को नई ऊंचाई पर ले जाने का संकल्प

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा। समाजसेवा, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण के क्षेत्र में नई ऊर्जा और बड़े संकल्प के साथ रोटरी क्लब ऑफ नवादा ने आगामी सत्र की रूपरेखा तैयार कर ली है। क्लब की महत्वपूर्ण बैठक में ऐसे कई फैसले लिए गए, जिनका सीधा लाभ समाज के विभिन्न वर्गों को मिलेगा। बैठक में नए रोटरी सत्र के अवसर पर जनहित से जुड़े कार्यक्रमों को भव्य रूप से आयोजित करने का निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता क्लब के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद ने की, जबकि मंच संचालन वर्ष 2026-27 के लिए चुने गए अध्यक्ष नीरज कुमार लोहानी ने किया। सचिव प्रहलाद प्रसाद ने बताया कि आगामी 1 जुलाई से शुरू होने वाले नए रोटरी सत्र को समाजसेवा और जनजागरूकता के विविध कार्यक्रमों के साथ यादगार बनाया जाएगा।

बैठक में निर्णय लिया गया कि डॉक्टर्स डे के अवसर पर चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले चिकित्सकों को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण को लेकर व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा, ताकि समाज में हरित वातावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके। क्लब के वरिष्ठ और सक्रिय सदस्यों को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित करने का फैसला लिया गया। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि रोटरी क्लब हमेशा से सेवा, समर्पण और सामाजिक जिम्मेदारी के मूल्यों पर कार्य करता रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और सामुदायिक विकास के क्षेत्र में क्लब की सक्रिय भूमिका भविष्य में और मजबूत होगी।

इस अवसर पर नई बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स टीम का भी परिचय कराया गया। नई कार्यकारिणी में नीरज कुमार लोहानी को अध्यक्ष, प्रहलाद प्रसाद को सचिव, पियूष कुमार को कोषाध्यक्ष तथा सौरव अग्रवाल को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं डॉ. मनोज कुमार फाउंडेशन चेयर, नित्यानंद प्रसाद मेंबरशिप चेयर, श्याम कुमार अग्रवाल कम्युनिटी सर्विस चेयर, राकेश कुमार एडमिनिस्ट्रेशन चेयर, वजीर प्रसाद इंटरनेशनल चेयर तथा डॉ. पंकज कुमार सिन्हा को पब्लिक इमेज एवं मीडिया चेयर बनाया गया है।

बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने नए सत्र को सफल बनाने और समाजहित के कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का सामूहिक संकल्प लिया। इस मौके पर वजीर प्रसाद, बद्री प्रसाद, ललित अग्रवाल, श्रीकांत सिंह, शैलेन्द्र सिंह, नवीन कुमार सिन्हा उर्फ छवि जी, श्याम अग्रवाल, पंकज साव, मनोज कुमार, अनिल भगत, डॉ. आरपी साहू, चेतन सुहासरिया, अमित अग्रवाल, नित्यानंद चौरसिया, जितेंद्र कुमार उर्फ टुन जी (गणपति स्वीट्स), सोहन कुमार मंटू तथा अविनाश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में रोटेरियन उपस्थित रहे।

“ऐतिहासिक उपलब्धि: नवादा बना शिक्षा का नया हब, मॉडर्न शैक्षणिक समूह ने दिया बड़ी सौगात, एस.ए. यूनिवर्सिटी को मिली सरकारी मंजूरी”

0

मॉडर्न शैक्षणिक समूह के प्रयास रंग लाए, अशोक नगर में खुलेगा एस. ए. यूनिवर्सिटी, उच्च शिक्षा, रोजगार और विकास के नए युग की हुई शुरुआत, इस उपलब्धि पर जिलेभर में खुशी की लहर

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा। शिक्षा के क्षेत्र में नवादा को एक बड़ी और ऐतिहासिक सौगात मिली है। बिहार सरकार ने नवादा के अशोक नगर में एस.ए. यूनिवर्सिटी की स्थापना एवं संचालन को मंजूरी दे दी है। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के साथ नवादा अब उच्च शिक्षा के नए युग में प्रवेश करने जा रहा है। वर्षों से जिस विश्वविद्यालय की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, वह सपना अब साकार होने की दिशा में बढ़ चुका है।

इस मंजूरी के बाद जिले के छात्रों, अभिभावकों और शिक्षाविदों में उत्साह का माहौल है। माना जा रहा है कि एस.ए. यूनिवर्सिटी की स्थापना से न केवल नवादा बल्कि आसपास के कई जिलों के विद्यार्थियों को भी गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा का लाभ मिलेगा। साथ ही रोजगार, शोध, नवाचार और शैक्षणिक विकास के नए अवसर भी सृजित होंगे।

मॉडर्न शैक्षणिक समूह की इस उपलब्धि को शिक्षा जगत में एक मील का पत्थर माना जा रहा है। वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में कार्य कर रहा यह संस्थान अब विश्वविद्यालय के माध्यम से नवादा को नई पहचान दिलाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

क्या कहते हैं अध्यक्ष

मॉडर्न शैक्षणिक समूह के अध्यक्ष डॉ. अनुज सिंह ने कहा, “एस.ए. यूनिवर्सिटी को मिली मंजूरी केवल एक संस्थान की सफलता नहीं, बल्कि नवादा के लाखों युवाओं के सपनों की जीत है। हमारा लक्ष्य है कि नवादा को शिक्षा, शोध और नवाचार का ऐसा केंद्र बनाया जाए, जहां से देश के भविष्य का निर्माण हो।”

क्या कहते हैं सचिव

मॉडर्न शैक्षणिक समूह के सचिव शैलेश कुमार ने कहा, “यह उपलब्धि नवादा के शैक्षणिक इतिहास में स्वर्णिम अध्याय जोड़ने वाली है। एस.ए. यूनिवर्सिटी विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा, आधुनिक संसाधन और वैश्विक अवसर उपलब्ध कराकर उनके सपनों को नई उड़ान देगा।”

नवादा को क्या होगा फायदा?

जिले में पहली बार विश्वविद्यालय स्तर की उच्च शिक्षा का बड़ा केंद्र विकसित होगा। विद्यार्थियों को बाहर जाकर पढ़ाई करने की मजबूरी कम होगी। रोजगार और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। शोध, तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास के नए अवसर खुलेंगे। नवादा की पहचान शिक्षा के मजबूत केंद्र के रूप में स्थापित होगी।

मिलेगा शिक्षा का नया अध्याय और विकास की नई दिशा

एस.ए. यूनिवर्सिटी को मिली मंजूरी को लेकर जिलेभर में खुशी और उत्साह का माहौल है। लोगों का मानना है कि यह कदम नवादा के विकास को नई गति देगा और आने वाले वर्षों में जिला बिहार के प्रमुख शैक्षणिक केंद्रों में अपनी मजबूत पहचान बनाएगा।

सासाराम में नवादा का जलवा! पटना को धूल चटाकर बिहार सब जूनियर बालिका हैंडबॉल का चैंपियन बना नवादा

0

फाइनल में 12-06 से पटना पर शानदार जीत, अवनी वत्स बनीं सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर; पूरे जिले में खुशी की लहर

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा। बिहार हैंडबॉल संघ के तत्वावधान में रोहतास जिला हैंडबॉल संघ द्वारा एबीआर फाउंडेशन स्कूल, सासाराम में आयोजित स्व. मालती कुंवर एवं स्व. सरोज स्मृति 11वीं बिहार राज्य सब जूनियर बालिका हैंडबॉल प्रतियोगिता में नवादा की बेटियों ने इतिहास रच दिया। दमदार प्रदर्शन करते हुए नवादा की टीम ने फाइनल मुकाबले में मजबूत पटना को 12-06 से पराजित कर राज्य चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

तीन दिनों तक चले इस प्रतिष्ठित राज्यस्तरीय टूर्नामेंट में नवादा की टीम शुरू से ही शानदार लय में दिखी। क्वार्टर फाइनल में नवादा ने बेगूसराय को 8-1 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। इसके बाद सेमीफाइनल में मुंगेर को 15-08 से शिकस्त देकर फाइनल का टिकट कटाया। फाइनल मुकाबले में नवादा की बेटियों ने आक्रामक खेल और मजबूत रक्षा पंक्ति का प्रदर्शन करते हुए पटना को कोई मौका नहीं दिया। एकतरफा मुकाबले में 12-06 की जीत दर्ज कर नवादा ने पूरे बिहार में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा दिया।

प्रतियोगिता में ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ का पुरस्कार पटना की स्नेहा कुमारी को दिया गया, जबकि नवादा की प्रतिभाशाली खिलाड़ी अवनी वत्स को ‘सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर’ का सम्मान मिला। अवनी के शानदार प्रदर्शन ने नवादा की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समापन समारोह में विद्यालय के निदेशक डॉ. पृथ्वीपाल सिंह, समाजसेवी विमलेश सिंह, जिला हैंडबॉल संघ के अध्यक्ष नरेंद्र कुमार राय तथा बिहार राज्य हैंडबॉल संघ के महासचिव बृज किशोर शर्मा ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

मुख्य अतिथि डॉ. पृथ्वीपाल सिंह ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि आने वाले दिनों में और बड़ी सफलताओं का मार्ग प्रशस्त करेगी। वहीं बिहार हैंडबॉल संघ के महासचिव बृज किशोर शर्मा ने खिलाड़ियों के चयन और आगामी प्रशिक्षण शिविर की जानकारी साझा की। नवादा की इस ऐतिहासिक जीत से जिले में खुशी का माहौल है और खेल प्रेमियों के बीच उत्साह की नई लहर दौड़ गई है। राज्य स्तर पर नवादा की बेटियों की इस शानदार उपलब्धि ने जिले का मान बढ़ा दिया है। 

मुहर्रम को लेकर नवादा में बड़ी तैयारी! जुलूस, ताजिया, ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था पर प्रशासन को सौंपा गया ब्लूप्रिंट

0

17 जून से 27 जून तक चलेगा मुहर्रम का सिलसिला, शहर के कई इलाकों में विशेष व्यवस्था की मांग; रजौली स्टैंड समेत प्रमुख मार्गों पर वाहन परिचालन रोकने का भी है प्रस्ताव

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा। मुहर्रम 2026 को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर नवादा में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में नेशनल इस्लामिक फेस्टिवल्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से जिला प्रशासन को एक विस्तृत आवेदन सौंपकर सुरक्षा, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, ट्रैफिक नियंत्रण और चिकित्सा सुविधाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण मांगें रखी गई हैं।

संस्था के संस्थापक व राष्ट्रीय अध्यक्ष अधिवक्ता नेजाम खान उर्फ कल्लू द्वारा दिए गए आवेदन में 17 जून से 27 जून तक होने वाले विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए प्रशासन से विशेष इंतजाम करने का आग्रह किया गया है। आवेदन के अनुसार मुहर्रम के दौरान शहर के कई इलाकों में मिट्टी लाने की रस्म, फूल की चौकी, ताजिया जुलूस और कर्बला कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है।

रजौली स्टैंड और प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक प्लान की मांग

आवेदन में 27 जून को 11वीं मुहर्रम के अवसर पर रजौली स्टैंड क्षेत्र में भारी भीड़ की संभावना जताते हुए चार पहिया वाहनों के परिचालन पर अस्थायी रोक लगाने का प्रस्ताव रखा गया है। साथ ही सद्भावना चौक, मस्तानगंज, प्रजातंत्र चौक और मेन रोड समेत प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक नियंत्रण की मांग की गई है।

कर्बला और बुंदेलखंड बगीचा में विशेष निगरानी की मांग

संस्था ने कर्बला, बुंदेलखंड बगीचा, खुरी नदी के नए-पुराने पुल और अन्य संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, चलंत शौचालय तथा साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है। वहीं रजौली स्टैंड में प्राथमिक उपचार केंद्र की व्यवस्था करने की भी मांग की गई है। मुहर्रम के दौरान हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी को देखते हुए यह आवेदन प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

सासाराम में नवादा की बेटियों का धमाका! पहले ही मुकाबले में शेखपुरा को चटाई धूल, जीत से किया अभियान का आगाज

0

मॉडर्न इंग्लिश स्कूल की खिलाड़ियों ने दिखाया दम, डॉ. अनुज सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना — राज्य चैंपियन बनने की ओर बढ़ा नवादा

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा। बिहार राज्य सब जूनियर बालिका हैंडबॉल प्रतियोगिता में नवादा की बेटियों ने शानदार शुरुआत करते हुए अपने पहले ही मुकाबले में शेखपुरा को 09-04 से पराजित कर पूरे जिले का मान बढ़ा दिया है। सासाराम में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में नवादा की टीम ने जिस आत्मविश्वास और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया, उससे प्रतिद्वंद्वी टीमों के बीच भी हलचल मच गई है।

बिहार हैंडबॉल संघ के तत्वावधान में रोहतास जिला हैंडबॉल संघ द्वारा आयोजित 11वीं बिहार राज्य सब जूनियर बालिका हैंडबॉल प्रतियोगिता का आयोजन 18 से 20 जून तक सासाराम के बैजला स्थित एबीआर स्कूल खेल मैदान में किया जा रहा है। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए नवादा की 12 सदस्यीय टीम को नवादा हैंडबॉल संघ के अध्यक्ष एवं मॉडर्न ग्रुप के चेयरमैन डॉ. अनुज सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

टीम की कमान कप्तान वैष्णवी के हाथों में है, जबकि अवनी वत्स, रागिनी, रिया राज, अदिति, मुस्कान, देविका, आकांक्षा, रूही नयन, सलोनी, काजल और सपना टीम का हिस्सा हैं। सभी खिलाड़ी मॉडर्न इंग्लिश स्कूल की छात्राएं हैं और प्रशिक्षक नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही हैं। रवाना करते समय डॉ. अनुज सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि नवादा की बेटियां एक बार फिर अपने शानदार प्रदर्शन से जिले और विद्यालय का नाम पूरे बिहार में स्वर्णिम अक्षरों में लिखेंगी।

उनकी शुभकामनाएं पहले ही मैच में जीत के रूप में रंग लाती दिखीं। पहले मुकाबले में शेखपुरा के खिलाफ नवादा की खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल, तेज गति और शानदार रणनीति का परिचय दिया। पूरे मैच में नवादा का दबदबा कायम रहा और टीम ने 09-04 से शानदार जीत दर्ज की। खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन से विद्यालय परिवार और खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है। नवादा जैसे छोटे शहर की बेटियां आज राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। अब सभी की निगाहें अगले मुकाबलों पर टिकी हैं, जहां नवादा की टीम से एक और बड़े प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।

समृद्ध नवादा-सुरक्षित नवादा मिशन पर बड़ा मंथन, व्यापारियों और प्रशासन की ऐतिहासिक बैठक में निकला विकास का रोडमैप

0

ट्रैफिक जाम, व्यापारियों की सुरक्षा, पुलिस पिकेट और नो-एंट्री जैसे अहम मुद्दों पर बनी सहमति, प्रशासन ने दिया सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा। जिले को “समृद्ध नवादा, सुरक्षित नवादा” बनाने के संकल्प को नई गति देने के लिए शुक्रवार को डीआरडीए सभागार, समाहरणालय नवादा में जिला प्रशासन और व्यापारियों के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन और व्यापारिक समुदाय के बीच सीधा संवाद हुआ, जिसमें शहर की सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था और व्यापारिक माहौल को बेहतर बनाने को लेकर गंभीर मंथन किया गया।

बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान, पुलिस उपाधीक्षक निशु मल्लिक, सदर एसडीपीओ-1 हुलास कुमार, ट्रैफिक डीएसपी अभिषेक कुमार सहित जिले के प्रमुख व्यापारी उपस्थित रहे। चर्चा के दौरान व्यापारियों ने शहर की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया और उनके समाधान के लिए ठोस सुझाव दिए।

व्यापारियों ने 3 नंबर स्टैंड से इंदिरा गांधी चौक होते हुए प्रजातंत्र चौक तक की बदहाल ट्रैफिक व्यवस्था को सबसे बड़ी समस्या बताते हुए नियमित ट्रैफिक नियंत्रण, अतिक्रमण हटाने और यातायात पुलिस की प्रभावी तैनाती की मांग की। वहीं नई स्टेशन जाने वाली छाई रोड पर बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए स्थायी पुलिस पिकेट स्थापित करने की जरूरत पर भी जोर दिया गया।

माल गोदाम रोड पर सड़क के बीच स्थित ट्रांसफार्मर को जनहित और सुरक्षा के मद्देनजर अन्यत्र स्थानांतरित करने का मुद्दा भी बैठक में प्रमुखता से उठा। इसके अलावा गोला रोड क्षेत्र में लागू नो-एंट्री व्यवस्था में व्यापारिक हितों को ध्यान में रखते हुए व्यावहारिक रियायत देने की मांग की गई।

बिहार चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रवि गुप्ता ने कहा कि प्रशासन और व्यापारियों के बीच सकारात्मक संवाद से यह भरोसा मजबूत हुआ है कि संयुक्त प्रयासों से नवादा को अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और समृद्ध बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा के लिए नियमित पुलिस गश्ती, सीसीटीवी निगरानी और त्वरित सहायता प्रणाली को और मजबूत करने की आवश्यकता है।

बैठक के अंत में प्रशासन और व्यापारियों ने मिलकर “समृद्ध नवादा, सुरक्षित नवादा” के लक्ष्य को साकार करने हेतु सहयोग, समन्वय और जनहित में कार्य करने का संकल्प लिया। बैठक में आरपी साहू, अंबिका प्रसाद, वजीर प्रसाद, प्रो. मुरारी साहू, धीरेंद्र कुमार (सीए), किशोरी लाल नायक, सत्येंद्र यादव, बिनोद कुमार साव, प्रेम कुमार, पवन कुमार गुप्ता, सतीश साहू सहित शहर के कई प्रमुख व्यापारी मौजूद रहे।

You cannot copy content of this page