नीतीश कुमार के 20 साल के शासन को बताया बिहार के विकास का निर्णायक दौर, गिनाईं उपलब्धियां

सुशासन दिवस-नीतीश संवाद में पूर्व सांसद डॉ. अरुण कुमार ने कहा- बदहाली और पिछड़ेपन की छवि से बाहर निकलकर बिहार ने बनाई विकास की नई पहचान, पूर्व मंत्री सुमित कुमार सिंह ने भी की कार्यकाल की सराहना
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार
नवादा। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 20 वर्षों के शासनकाल की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को नवादा के श्रीकृष्ण मेमोरियल कॉलेज परिसर में ‘सुशासन दिवस-नीतीश संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जहानाबाद के पूर्व सांसद डॉ. अरुण कुमार ने नीतीश कुमार के दो दशक के कार्यकाल को बिहार के विकास, सुशासन और सामाजिक बदलाव का महत्वपूर्ण अध्याय बताया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने बदहाली और पिछड़ेपन की पुरानी छवि से बाहर निकलकर विकास की नई पहचान बनाने की दिशा में लंबा सफर तय किया है।

डॉ. अरुण कुमार ने कहा कि वर्ष 2005 में जब नीतीश कुमार ने बिहार की सत्ता संभाली थी, उस समय राज्य कानून-व्यवस्था, सड़क, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी समस्याओं से जूझ रहा था।

इन चुनौतियों को दूर करना सरकार के सामने सबसे बड़ी प्राथमिकता थी। उनके कार्यकाल में सड़कों और पुलों का निर्माण, गांव-गांव तक बिजली पहुंचाने, शिक्षा व्यवस्था में सुधार, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और प्रशासनिक जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए।

उन्होंने विशेष रूप से मुख्यमंत्री बालिका साइकिल योजना और पोशाक योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं ने लड़कियों की शिक्षा को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाई।

पंचायती राज संस्थाओं एवं नगर निकायों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देकर उन्हें राजनीतिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने का ऐतिहासिक कार्य किया गया। वहीं, जीविका स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी उल्लेखनीय पहल हुई।

विकास को सामाजिक न्याय से जोड़ना रही बड़ी पहचान
पूर्व सांसद ने कहा कि नीतीश कुमार की राजनीति की सबसे बड़ी विशेषता विकास को सामाजिक न्याय से जोड़ना रही है। हर घर नल का जल, पक्की गली-नाली, ग्रामीण सड़कों का विस्तार और बिजली जैसी योजनाओं ने आम लोगों के जीवन में बदलाव लाने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि किसी भी सरकार की उपलब्धियों का वास्तविक मूल्यांकन केवल सरकारी आंकड़ों से नहीं, बल्कि आम जनता के जीवन में आए बदलाव से होना चाहिए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री सुमित कुमार सिंह ने भी नीतीश कुमार के दो दशक के कार्यकाल को बिहार के विकास और सामाजिक परिवर्तन का महत्वपूर्ण अध्याय बताया।

उन्होंने कहा कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, महिला सशक्तीकरण और युवाओं के लिए अवसरों के विस्तार के क्षेत्र में हुए कार्यों ने बिहार को नई दिशा दी है। सुशासन की इस विकास यात्रा को आगे बढ़ाना और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में हुए विकास कार्यों की चर्चा करते हुए सुशासन, सामाजिक समरसता और न्याय के साथ विकास की अवधारणा को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष राजकिशोर दांगी, किशोरी सिंह, प्रमिला प्रजापति, प्रांतीय महामंत्री इकबाल हैदर खां मेजर, बिहार प्रदेश युवा सचिव राज अंजुम, तन्ने पठान, फखरुद्दीन अली अहमद चामो, जिला सचिव संजय चौधरी, अफ़रोजा खातून तथा नेजाम खां कल्लू सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।

