करमा पर्व पर पसरा मातम: गौरा-गणेश विसर्जन के दौरान आहर में डूबा 13 वर्षीय मोनू, हुई मौत

रेबरा गांव में हादसे के बाद मचा कोहराम, शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपा गया
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार
नवादा। काशीचक प्रखंड के शाहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रेबरा गांव में बुधवार की सुबह करमा पर्व की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब गौरा-गणेश विसर्जन के दौरान आहर में डूबने से 13 वर्षीय बालक की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया और आहर के किनारे ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

मृतक की पहचान रेबरा गांव निवासी शंकर राम के 13 वर्षीय पुत्र मोनू कुमार के रूप में की गई है। परिजनों के अनुसार, करमा पर्व को लेकर गौरा-गणेश की प्रतिमा के विसर्जन के लिए मोनू आहर गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया।

हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक मोनू की मौत हो चुकी थी। देखते ही देखते पर्व की खुशियां चीख-पुकार में बदल गईं। घटना की सूचना मिलने के बाद शाहपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। शव घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मां-बाप और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।



