रजौली पुलिस को मिली बड़ी सफलता, गिट्टी लदे ट्रक में बने तहखानों से 10 लाख का विदेशी शराब व बियर जब्त

पटना जा रही शराब की बड़ी खेप, 1164 बोतल शराब व बियर बरामद, ट्रक जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार, गिट्टी में छिपाकर ला रहे 621 लीटर शराब व बियर जब्त, बाजार मूल्य 10 लाख से अधिक
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार
नवादा। बिहार में पूर्ण शराबबंदी को धत्ता बताने की कोशिश कर रहे तस्करों के मंसूबे पर रजौली पुलिस ने फिर पानी फेर दिया है। बिहार-झारखंड सीमावर्ती क्षेत्र चितरकोली स्थित समेकित जांच चौकी पर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए गिट्टी लदे ट्रक से छिपाकर ले जाई जा रही विदेशी शराब की बड़ी खेप जब्त की है।

साथ ही दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई बुधवार शाम थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रणजीत कुमार के नेतृत्व में की गई। टीम में एसआई सचिन कुमार, एएसआई मनोरंजन शर्मा एवं डीएपी जवान सहित अन्य पुलिस बल शामिल थे।

गिट्टी के नीचे छिपा रखा था शराब का जखीरा
थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि झारखंड की ओर से ट्रक में शराब की बड़ी खेप आने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही चितरकोली चेकपोस्ट पर विशेष टीम को अलर्ट मोड पर रखा गया। इसी दौरान झारखंड की ओर से आ रही ट्रक संख्या जेएच 02 एएच-5185 को जांच के लिए रोका गया। शुरुआत में ट्रक पर गिट्टी लदा देख सामान्य लगा, लेकिन गहन तलाशी में पुलिस भी दंग रह गई। गिट्टी के नीचे तहखाना बनाकर और ड्राइवर के केबिन में कुल 1164 बोतलें में बंद कुल 621 लीटर विदेशी शराब और बियर छिपाकर रखा गया था।

शराब को नट बोल्ट से बंद होने के बाद पर्दा लगाकर छिपाकर रखा गया था। जब्त शराब में 750 एमएल वाले रॉयल स्टैग की 156 बोतलें और हैवर्डस 5000 प्रीमियम स्ट्रॉन्ग बियर की 1008 बोतलें शामिल हैं। बरामद शराब की बाजार कीमत 10 लाख रुपये से अधिक आंकी जा रही है।

पटना ले जाई जा रही थी खेप
ट्रक पर सवार चालक और खलासी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे यह खेप पटना ले जा रहे थे। गिरफ्तार तस्करों की पहचान पटना जिले के आईआईटी अमहरा थाना क्षेत्र के लई गांव निवासी स्व विशुनदेव महतो के पुत्र विक्की कुमार और बुधन महतो के पुत्र विजय कुमार के रूप में हुई है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि जब्त शराब, बियर और ट्रक के साथ दोनों तस्करों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आवश्यक पूछताछ के बाद गुरुवार को दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। जब्त ट्रक को समेकित जांच चौकी पर ही पुलिस सुरक्षा में लगाई गई है। सीमावर्ती चेकपोस्ट पर लगातार हो रही कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।

