आज लगेगा राष्ट्रीय लोक अदालत, तैयारी पूरी, जानें किस बेंच पर होगी किस मामले का निष्पादन

व्यवहार न्यायालय में 18 बेंचों पर होगा मामलों का त्वरित निष्पादन, ट्रैफिक चालान से लेकर पारिवारिक विवाद, बैंक, बिजली, खनन और सर्टिफिकेट मामलों की होगी सुनवाई, नोटिस नहीं मिलने वाले पक्षकार भी करा सकेंगे वाद का निष्पादन
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार
राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 12 सितंबर 2026 को व्यवहार न्यायालय, नवादा में किया जा रहा है। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार, नई दिल्ली एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देश पर आयोजित होने वाली इस लोक अदालत की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, नवादा आशुतोष कुमार झा के मार्गदर्शन तथा डीएलएसए सचिव अरविन्द कुमार के सहयोग से लोक अदालत को लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी की गई हैं।

लोक अदालत के सफल संचालन को लेकर डीएलएसए सचिव ने नवादा न्यायमंडल के साथ-साथ जिला परिवहन कार्यालय का भी निरीक्षण किया। जिला परिवहन कार्यालय में ट्रैफिक चालान से संबंधित मामलों का निष्पादन किया जाएगा।

आम लोगों से अपील की गई है कि जिन पक्षकारों को लोक अदालत में उपस्थित होने के लिए नोटिस नहीं मिला है, वे भी निर्धारित तिथि को उपस्थित होकर अपने वाद का निष्पादन करा सकते हैं।

18 बेंचों पर होगी मामलों की सुनवाई
लोक अदालत में अलग-अलग प्रकृति के मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए कुल 18 बेंचों का गठन किया गया है। इनमें परिवार न्यायालय एवं एमएसीटी, बैंक, फाइनेंस कंपनी, वन, श्रम, खनन, उपभोक्ता फोरम, एनआई एक्ट, मापतौल, बिजली बिल, न्यायालय संबंधी मामले, ग्राम कचहरी, भूमि अधिग्रहण, जलवाद, सर्टिफिकेट केस और ट्रैफिक चालान सहित विभिन्न मामलों की सुनवाई होगी।

- बेंच संख्या 01 में परिवार न्यायालय एवं एमएसीटी के वाद, बेंच संख्या 02 एवं 04 में पीएनबी के मामले तथा बेंच संख्या 03 में फाइनेंस कंपनियों के वादों का निष्पादन किया जाएगा।
- बेंच संख्या 05 में वन, श्रम, खनन, उपभोक्ता फोरम, एनआई एक्ट, मापतौल एवं बिजली बिल से संबंधित मामले लिए जाएंगे। बेंच संख्या 06 में सीजेएम न्यायालय के वादों का निष्पादन होगा। बेंच संख्या 07 में एसीजेएम चतुर्थ, सप्तम एवं तृतीय के वादों के साथ जलवाद एवं भूमि अधिग्रहण के मामले लिए जाएंगे।

- बेंच संख्या 08 एवं 09 जिला परिवहन कार्यालय में संचालित होंगी, जहां ट्रैफिक चालान से जुड़े मामलों का निष्पादन किया जाएगा।
- बेंच संख्या 10 से 17 में विभिन्न एसीजेएम, एसडीजेएम एवं जेएम प्रथम श्रेणी न्यायालयों के वादों का निष्पादन किया जाएगा। इनमें ग्राम कचहरी, रिक्त न्यायालय के वाद समेत संबंधित न्यायालयों के मामले शामिल हैं। बेंच संख्या 14 में बिहार ग्रामीण बैंक के मामलों का निष्पादन होगा, जबकि बेंच संख्या 18 में सर्टिफिकेट वादों की सुनवाई की जाएगी।

जनहित में अपील- लोक अदालत का उठाएं लाभ
राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्देश्य आपसी सहमति एवं सुलह के आधार पर मामलों का त्वरित और सरल निष्पादन कर आम लोगों को न्याय दिलाना है। ऐसे में संबंधित पक्षकारों से अपील की गई है कि वे 12 सितंबर को निर्धारित स्थान पर पहुंचकर लोक अदालत का लाभ उठाएं और अपने लंबित मामलों का यथासंभव त्वरित निष्पादन कराएं।

