HomeBreaking Newsनवादा शहर में सनसनी: सब्जी मंडी...

नवादा शहर में सनसनी: सब्जी मंडी हनुमान मंदिर के बाहर मिली 12वीं की छात्रा की शव, पढ़ाई के लिए रोज आती थी शहर

तबीयत बिगड़ने पर शनिवार की सुबह मंदिर गेट के पास बैठी थी छात्रा, पानी पीकर बैग को सिरहाना बनाकर सो गई; काफी देर बाद बेसुध मिलने पर अस्पताल ले गई पुलिस, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा। नवादा शहर के सब्जी बाजार स्थित हनुमान मंदिर के बाहर शनिवार को एक 17 वर्षीय छात्रा का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रा को तत्काल नवादा सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में लोगों की भारी भीड़ जुट गई और तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं। जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान प्रीति कुमारी (17 वर्ष), पिता विपिन यादव, निवासी विजय टांड़, थाना रोह, जिला नवादा के रूप में हुई है।

वह नवादा के कन्हाईलाल हाई स्कूल में 12वीं की छात्रा थी तथा शहर के यादव चौक स्थित सिल्वर कोचिंग में पढ़ाई करने के लिए प्रतिदिन नवादा आती थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शनिवार को छात्रा की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद वह हनुमान मंदिर के मुख्य द्वार के पास बैठ गई। इसी दौरान उसे प्यास लगी तो उसने पास में मौजूद एक फल विक्रेता से पानी मांगा। पानी पीने के बाद उसने अपना किताबों से भरा बैग सिरहाने रखा और वहीं लेट गई। काफी देर तक जब वह नहीं उठी तो आसपास के लोगों को संदेह हुआ। पास जाकर देखने पर वह बेसुध पड़ी मिली, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल नगर थाना पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रा को इलाज के लिए नवादा सदर अस्पताल ले गई। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जाता है कि मृतक छात्रा नवादा शहर के एंबुलेंस चालक कालिका की भगिनी थी। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शव को अपने कब्जे में लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

You cannot copy content of this page