नवादा में खून के रिश्ते पर खून का दाग!

सफाई के मामूली विवाद ने ले ली भाई की जान, पुलिस तक गुहार लगाई, फिर भी नहीं बच सकी जान

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा जिले के नेमदारगंज थाना क्षेत्र के राजादेवर गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां घर की सफाई जैसे मामूली विवाद ने दो सगे भाइयों के रिश्ते को हमेशा के लिए तोड़ दिया। बड़े भाई सुधीर शर्मा ने अपने ही छोटे भाई 25 वर्षीय अखिलेश कुमार पर चाकू से वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

मामूली कहासुनी, फिर मारपीट और आखिर में हत्या

मंगलवार दोपहर बाद घर की साफ-सफाई को लेकर दोनों भाइयों के बीच बहस शुरू हुई। देखते ही देखते बात इतनी बिगड़ गई कि बड़े भाई ने गुस्से में आकर छोटे भाई के पेट में चाकू घोंप दिया। गंभीर रूप से घायल अखिलेश को तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस की लापरवाही बनी चर्चा का विषय

इस हत्याकांड ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजनों का आरोप है कि 28 जून को ही इस पारिवारिक विवाद की शिकायत नेमदारगंज थाना पुलिस को दी गई थी और न्याय की गुहार लगाई गई थी। पुलिस मंगलवार को गांव पहुंची भी, लेकिन वापस लौटने के कुछ ही देर बाद विवाद ने इतना भयानक रूप ले लिया कि एक भाई की जान चली गई।

एक युवक हिरासत में, जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष के अनुसार एक युवक को हिरासत में लिया गया है और पहले मिले आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page