खेत में मौत बनकर गिरा हाई वोल्टेज तार! 16 वर्षीय गोविंद की दर्दनाक मौत, गांव में मचा कोहराम
घर लौट रहे किशोर पर अचानक टूटा बिजली का मेन तार, झुलसकर मौके पर गई जान, आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए एफआईआर और मुआवजे की उठाई मांग
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा जिले के कादिरागंज थाना क्षेत्र के गोइठाडीह गांव में बिजली विभाग की कथित लापरवाही ने एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। खेत से घर लौट रहे 16 वर्षीय किशोर की हाई वोल्टेज विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की पहचान गोइठाडीह गांव निवासी योगेंद्र राजवंशी के 16 वर्षीय पुत्र गोविंद कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि गोविंद खेत से घर लौट रहा था। तभी ऊपर से गुजर रहा हाई वोल्टेज विद्युत प्रवाहित मेन तार अचानक टूटकर खेत में गिर पड़ा।

जब तक वह कुछ समझ पाता, वह करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलसकर वहीं गिर पड़ा। घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। गोविंद पढ़ाई के साथ-साथ खेती-बाड़ी में भी अपने माता-पिता का सहारा था। उसकी असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। घटना की सूचना मिलते ही कादिरागंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

इधर, इस हादसे के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषी अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने, पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने और जर्जर बिजली तारों को तत्काल बदलने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते बिजली विभाग ने तारों की मरम्मत कराई होती, तो आज एक मासूम की जान नहीं जाती।

