पति ने दूसरे युवक से संबंध का लगाया आरोप, मायके पक्ष ने भी पुराने प्रेम-प्रसंग की बात कही, पुलिस ने मोबाइल जब्त कर शुरू की जांच
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा जिले के नेमदारगंज थाना क्षेत्र के पिथौरी गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के पीछे पति ने पत्नी के दूसरे युवक से कथित संबंध होने का आरोप लगाया है। वहीं मायके पक्ष ने भी शादी से पहले प्रेम-प्रसंग की बात स्वीकार की है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच में जुटी है और मृतका का मोबाइल जब्त कर लिया है। मृतका की पहचान पिथौरी गांव निवासी विजय कुमार शर्मा की 28 वर्षीय पत्नी रीना देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

मृतका की मां रजिया देवी ने बताया कि छह वर्ष पूर्व उन्होंने अपनी बेटी की शादी हिंदू रीति-रिवाज से उचित दान-दहेज के साथ विजय कुमार शर्मा से कराई थी। शादी के बाद रीना दो बच्चों की मां बनी। उन्होंने बताया कि 30 जून 2026 की दोपहर दामाद ने फोन कर सूचना दी कि रीना की मौत हो गई है। सूचना मिलने पर जब वह ससुराल पहुंचीं तो बेटी मृत अवस्था में मिली। वहीं पति विजय कुमार शर्मा का आरोप है कि उसकी पत्नी का मायके के एक युवक से कथित संबंध था और वह उससे लगातार वीडियो कॉल पर बातचीत करती थी।

उनका कहना है कि इस बात की जानकारी दोनों परिवारों को पहले भी दी गई थी और समझौता कराया गया था, लेकिन स्थिति में बदलाव नहीं आया। पति ने कई अन्य आरोप भी लगाए हैं, जिनकी पुलिस जांच कर रही है। मृतका की मां ने भी शादी से पहले प्रेम-प्रसंग की बात स्वीकार की है, हालांकि घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा अभी जांच के बाद ही हो सकेगा। नेमदारगंज थानाध्यक्ष ने बताया कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी तथ्यों की जांच कर रही है।


Recent Comments