ट्रैफिक जाम, व्यापारियों की सुरक्षा, पुलिस पिकेट और नो-एंट्री जैसे अहम मुद्दों पर बनी सहमति, प्रशासन ने दिया सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा। जिले को “समृद्ध नवादा, सुरक्षित नवादा” बनाने के संकल्प को नई गति देने के लिए शुक्रवार को डीआरडीए सभागार, समाहरणालय नवादा में जिला प्रशासन और व्यापारियों के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन और व्यापारिक समुदाय के बीच सीधा संवाद हुआ, जिसमें शहर की सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था और व्यापारिक माहौल को बेहतर बनाने को लेकर गंभीर मंथन किया गया।

बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान, पुलिस उपाधीक्षक निशु मल्लिक, सदर एसडीपीओ-1 हुलास कुमार, ट्रैफिक डीएसपी अभिषेक कुमार सहित जिले के प्रमुख व्यापारी उपस्थित रहे। चर्चा के दौरान व्यापारियों ने शहर की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया और उनके समाधान के लिए ठोस सुझाव दिए।

व्यापारियों ने 3 नंबर स्टैंड से इंदिरा गांधी चौक होते हुए प्रजातंत्र चौक तक की बदहाल ट्रैफिक व्यवस्था को सबसे बड़ी समस्या बताते हुए नियमित ट्रैफिक नियंत्रण, अतिक्रमण हटाने और यातायात पुलिस की प्रभावी तैनाती की मांग की। वहीं नई स्टेशन जाने वाली छाई रोड पर बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए स्थायी पुलिस पिकेट स्थापित करने की जरूरत पर भी जोर दिया गया।

माल गोदाम रोड पर सड़क के बीच स्थित ट्रांसफार्मर को जनहित और सुरक्षा के मद्देनजर अन्यत्र स्थानांतरित करने का मुद्दा भी बैठक में प्रमुखता से उठा। इसके अलावा गोला रोड क्षेत्र में लागू नो-एंट्री व्यवस्था में व्यापारिक हितों को ध्यान में रखते हुए व्यावहारिक रियायत देने की मांग की गई।

बिहार चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रवि गुप्ता ने कहा कि प्रशासन और व्यापारियों के बीच सकारात्मक संवाद से यह भरोसा मजबूत हुआ है कि संयुक्त प्रयासों से नवादा को अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और समृद्ध बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा के लिए नियमित पुलिस गश्ती, सीसीटीवी निगरानी और त्वरित सहायता प्रणाली को और मजबूत करने की आवश्यकता है।

बैठक के अंत में प्रशासन और व्यापारियों ने मिलकर “समृद्ध नवादा, सुरक्षित नवादा” के लक्ष्य को साकार करने हेतु सहयोग, समन्वय और जनहित में कार्य करने का संकल्प लिया। बैठक में आरपी साहू, अंबिका प्रसाद, वजीर प्रसाद, प्रो. मुरारी साहू, धीरेंद्र कुमार (सीए), किशोरी लाल नायक, सत्येंद्र यादव, बिनोद कुमार साव, प्रेम कुमार, पवन कुमार गुप्ता, सतीश साहू सहित शहर के कई प्रमुख व्यापारी मौजूद रहे।


Recent Comments