सदर अस्पताल का इमरजेंसी वार्ड बना अखाड़ा, जान बचाकर भागने लगे मरीज… सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को दबोचा
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा के सदर अस्पताल में रविवार को उस वक्त अफरा-तफरी और दहशत का माहौल कायम हो गया, जब इलाज कराने पहुंचा एक मरीज ने ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर पर ही जानलेवा हमला कर दिया। इमरजेंसी वार्ड में अचानक हुए इस हमले के बाद अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गई। डॉक्टर के साथ मारपीट होते देख भर्ती मरीज और उनके परिजन जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।

घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रबंधन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में नगर थाना पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर उमा शंकर सिंह दल-बल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे और हमला करने वाले मरीज को हिरासत में लेकर स्थिति को नियंत्रित किया।

पीड़ित डॉक्टर श्रीकांत प्रसाद ने थानाध्यक्ष को लिखित आवेदन देकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। बताया जा रहा है कि इमरजेंसी वार्ड में ड्यूटी के दौरान इलाज कराने पहुंचे मरीज ने पहले गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया, फिर अचानक डॉक्टर के साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही सदर अस्पताल के डीएस डॉ एसडी अरैयर समेत कई स्वास्थ्यकर्मी इमरजेंसी वार्ड पहुंचे और घटना की तीखी निंदा की। स्वास्थ्य कर्मियों ने जिला प्रशासन से अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

बता दें कि सदर अस्पताल में डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ हिंसा की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बार अस्पताल में इस तरह की वारदात हो चुकी है, जिससे स्वास्थ्यकर्मियों में लगातार डर और नाराजगी का माहौल बना हुआ है। फिलवक्त एक मरीज द्वारा चिकित्सक के साथ मारपीट करने के पीछे की कारणों की सत्यापन अभी तक नहीं हो पाई है, जिससे यह सवाल खड़ा हो गया कि आखिर ऐसा क्यों हुआ, बहरहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज व अन्य सूत्रों के आधार पर मामले की तहकीकात करने में जुटी है।


Recent Comments