NH-20 पर ‘खूनी नाइट’! टोल प्लाजा के पास स्कूल संचालक पर चाकू-पिस्टल से हमला, हिसुआ में भी युवक पर जानलेवा वार
देर रात नवादा में अपराधियों का तांडव, दोस्त को बचाने गया युवक भी लहूलुहान; एक आरोपी गिरफ्तार, बाकी की तलाश में छापेमारी तेज
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा जिले में शनिवार की रात अपराधियों ने ऐसा खूनी खेल खेला कि पूरे इलाके में दहशत फैल गई। रजौली थाना क्षेत्र के एनएच-20 स्थित टोल प्लाजा के समीप अदलबिगहा मोड़ पर चाय पी रहे एक स्कूल संचालक और उसके दोस्त पर स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने चाकू और पिस्टल से जानलेवा हमला कर दिया। वहीं दूसरी ओर हिसुआ के तिलैया स्टेशन के पास भी एक युवक पर हमला कर अपराधी फरार हो गए।

लगातार हुई इन वारदातों से जिले में कानून-व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।जानकारी के अनुसार, गोकुल स्कूल के संचालक मुरहेना गांव निवासी उत्पल कुमार शनिवार रात स्कूल से लौट रहे थे। इसी दौरान अदलबिगहा मोड़ के पास विकास चाय स्टॉल पर उनकी मुलाकात भूपतपुर निवासी दोस्त प्रिंस कुमार से हुई। दोनों चाय पी ही रहे थे कि अचानक स्कॉर्पियो से पहुंचे बदमाशों ने हमला बोल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपराधियों ने उत्पल कुमार पर धारदार चाकू से लगातार सिर पर वार किया। जब तक वह बेहोश नहीं हो गए, तब तक हमला जारी रहा।

बीच-बचाव करने पहुंचे प्रिंस कुमार को भी बदमाशों ने घायल कर दिया।हमले के दौरान बदमाश उत्पल कुमार के गले से सोने की चेन और मोबाइल भी छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से दोनों घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर हालत में उत्पल कुमार को बेहतर इलाज के लिए विम्स पावापुरी रेफर कर दिया गया।घायल के पिता उमेश कुमार के आवेदन पर पुलिस ने पांच नामजद समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी हर्षित कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी चल रही है।इधर, हिसुआ के तिलैया स्टेशन के समीप भी अज्ञात अपराधियों ने सीतामढ़ी थाना क्षेत्र के दौलतपुरा निवासी सुभाष कुमार पर जानलेवा हमला कर दिया। घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लगातार हो रही इन घटनाओं ने नवादा में लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

