8 मई को निकाली जायेगी कैंडिल मार्च जनसुराज बोला — यह सिर्फ हत्या नहीं, बिहार के अस्मिता और सम्मान पर हमला
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा। दिल्ली में फूड डिलीवरी का काम कर रहे बिहार के खगड़िया निवासी युवक पांडव कुमार की कथित तौर पर दिल्ली पुलिस के एक कर्मी द्वारा गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद बिहार में आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। इस घटना को लेकर अब जनसुराज पार्टी ने बड़ा आंदोलन छेड़ दिया है। पार्टी ने इसे सिर्फ एक युवक की हत्या नहीं, बल्कि “पूरे बिहार और बिहारी अस्मिता पर हमला” बताया है।

जनसुराज पार्टी के नवादा जिलाध्यक्ष त्रिवेणी सिंह और प्रवक्ता मिथिलेश प्रसाद सिंह ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि अगर किसी युवक को केवल बिहारी होने की पहचान बताने पर गोली मार दी जाती है, तो यह देश में प्रवासी मजदूरों की भयावह स्थिति को उजागर करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्षों से बिहार में जाति और धर्म की राजनीति कर जनता को मूल मुद्दों — शिक्षा, रोजगार और पलायन — से भटकाया गया, जिसका नतीजा आज बिहारी युवाओं को दूसरे राज्यों में अपमान और हिंसा के रूप में भुगतना पड़ रहा है।

दिल्ली से पटना तक आंदोलन, अब नवादा में निकलेगा कैंडिल मार्च
पार्टी नेताओं ने बताया कि पांडव कुमार हत्याकांड के विरोध में 03 मई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना दिया गया था, जबकि 04 मई को पटना के कारगिल चौक पर कैंडिल मार्च निकाला गया। अब इसी चरणबद्ध आंदोलन के तहत 08 मई शुक्रवार को नवादा में भी विशाल कैंडिल मार्च आयोजित किया जाएगा। यह कैंडिल मार्च शाम 5 बजे रजौली बस स्टैंड से शुरू होकर मेन रोड, भगत सिंह चौक, पुरानी कचहरी रोड और विजय बाजार होते हुए प्रजातंत्र चौक पर समाप्त होगा।
“बिहारी होने की सजा कब तक?”
पांडव कुमार की मौत को लेकर सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक बहस तेज हो गई है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर कब तक दूसरे राज्यों में मेहनत-मजदूरी करने वाले बिहारी युवाओं को अपमान, हिंसा और भेदभाव का सामना करना पड़ेगा। अब देखना यह होगा कि इस मामले में सरकार और प्रशासन क्या कदम उठाते हैं और पांडव कुमार के परिवार को इंसाफ कब तक मिल पाता है।


Recent Comments