सनसनी- स्कूल के लिए निकला था 14 साल का वंशराज… अगली सुबह पानी भरे गड्ढे में मिला शव, नवादा में फूटा गुस्सा

गायब छात्र की लाश देखते ही मचा कोहराम, हत्या का आरोप लगाकर परिजनों ने सड़क जाम कर किया आगजनी

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा में एक 14 वर्षीय स्कूली छात्र की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। शुक्रवार को घर से स्कूल जाने के लिए निकला वंशराज जब देर रात तक वापस नहीं लौटा तो परिजन परेशान होकर उसकी तलाश में जुट गए। लेकिन शनिवार सुबह जो खबर मिली, उसने पूरे परिवार को मातम में डुबो दिया। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गोनी पहाड़ के पास पानी भरे गड्ढे में छात्र का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के गोनावां मोहल्ला निवासी संतोष कुमार के 14 वर्षीय पुत्र वंशराज के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने सुबह गड्ढे में शव तैरता देखा, जिसके बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही परिजन पहुंचे और बेटे का शव देखते ही चीख-पुकार मच गई। आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए नवादा-बिहारशरीफ पथ पर गोनावां काली स्थान के पास शव रखकर सड़क जाम कर दिया और आगजनी कर जमकर हंगामा किया।

घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम हटवाया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। परिजनों का आरोप है कि वंशराज की हत्या कर शव को पानी भरे गड्ढे में फेंका गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page