नवादा में ‘लेडी चोर गैंग’ का खेल खत्म! शहर के भीड़ भाड़ इलके में औरतों का जेवरात उड़ाने वाली गिरोह का हुआ पर्दाफाश

सब्जी मंडी में महिलाओं के गले से चेन उड़ाने वाली दो शातिर महिला चोर गिरफ्तार, 2.88 लाख कैश समेत सोने के जेवर बरामद, नालंदा की रहने वाली है सभी चोर

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा जिले के वारिसलीगंज थाना पुलिस ने महिलाओं को निशाना बनाकर बाजारों में गले से सोने की चेन उड़ाने वाली दो शातिर महिला चोरों को गिरफ्तार कर बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने इनके पास से 2 लाख 88 हजार 500 रुपये नकद, सोने के कई जेवर और चोरी से जुड़ा सामान बरामद किया है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में सक्रिय महिला चोर गिरोह का पर्दाफाश होने से हड़कंप मच गया है।

CCTV और सीक्रेट इनपुट से पुलिस ने दबोचा

रविवार को वारिसलीगंज थाना परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता में पकरीबरावां एसडीपीओ राकेश कुमार भास्कर ने बताया कि गिरफ्तार महिलाओं की पहचान नालंदा जिले के चंडी थाना क्षेत्र के मोहसीमपुर निवासी अंजली देवी और ताजूबिगहा मिल्की निवासी कविता देवी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, 1 मई 2026 को वारिसलीगंज बाजार स्थित सब्जी मंडी में लखीसराय निवासी नीलम देवी के गले से सोने की चेन काटकर फरार होने का मामला सामने आया था। घटना के बाद वारिसलीगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

SP के आदेश पर बनी स्पेशल टीम, फिर खुल गया पूरा राज

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अभिनव धीमान के निर्देश पर एसडीपीओ राकेश कुमार भास्कर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने CCTV फुटेज और मानवीय सूचना के आधार पर दोनों महिलाओं को दबोच लिया। पूछताछ में दोनों ने कई अन्य घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।

चोरी के जेवर बेचकर रखे थे लाखों रुपये

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार महिलाओं के पास से चोरी के जेवर बेचकर जमा किए गए लाखों रुपये बरामद किए गए हैं। साथ ही सोने का लॉकेट, मांगटीका, नथुनी और कनबाली भी बरामद हुआ है।

बाजारों में महिलाओं के लिए बनी थीं आतंक

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि दोनों महिलाएं भीड़भाड़ वाले बाजारों में महिलाओं को निशाना बनाकर बेहद शातिर तरीके से गले की चेन और जेवर उड़ा लेती थीं। वारिसलीगंज थाना क्षेत्र में इनके खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page