मोटर दुर्घटना दावा वादों के त्वरित निष्पादन पर हुआ मंथन, बीमा कंपनियों व अधिवक्ताओं ने दिया बड़ा भरोसा
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा। आगामी 09 मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए नवादा में तैयारियां अब निर्णायक दौर में पहुंच चुकी हैं। खासकर मोटर दुर्घटना दावा वाद (MACT) के अधिक से अधिक निष्पादन को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने पूरी ताकत झोंक दी है। मंगलवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार, नवादा के प्रकोष्ठ में एक अहम बैठक आयोजित हुई, जिसमें बीमा कंपनियों के अधिवक्ताओं और वादकारियों के अधिवक्ताओं के साथ विस्तृत रणनीति बनाई गई।
जिला एवं सत्र न्यायाधीश के मार्गदर्शन में हुई बैठक
बैठक का आयोजन नालसा एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देश तथा जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार नवादा आशुतोष कुमार झा के मार्गदर्शन में किया गया। बैठक की अध्यक्षता सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार, नवादा अरविन्द कुमार ने की। बैठक में मोटर दुर्घटना दावा वादों के जल्द और अधिकतम निष्पादन को लेकर गंभीर चर्चा हुई।

इंश्योरेंस कंपनियों के अधिवक्ताओं ने दिलाया भरोसा
विभिन्न इंश्योरेंस कंपनियों के अधिवक्ताओं ने भरोसा दिलाया कि वे अपनी-अपनी कंपनियों से लगातार समन्वय बनाकर मामलों के शीघ्र निपटारे की दिशा में काम कर रहे हैं, ताकि राष्ट्रीय लोक अदालत में ज्यादा से ज्यादा मामलों का समाधान कराया जा सके। वहीं, वादी पक्ष के अधिवक्ताओं ने भी कहा कि वे पक्षकारों और बीमा कंपनियों के बीच लगातार सुलह की कोशिश कर रहे हैं, जिससे आपसी समझौते के आधार पर लंबित मामलों का तेजी से निष्पादन हो सके।

एमएसीटी न्यायालयों से जारी नोटिसों के तामिला पर हुई चर्चा
बैठक के दौरान एमएसीटी न्यायालयों से जारी नोटिसों के तामिला और सुलहनीय मामलों की प्रक्रिया को और प्रभावी बनाने पर भी विस्तार से चर्चा हुई। सचिव अरविन्द कुमार ने सभी अधिवक्ताओं को स्पष्ट निर्देश दिया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से अधिक से अधिक सुलहनीय मामलों का निष्पादन सुनिश्चित कराया जाए, ताकि पीड़ितों को जल्द न्याय मिल सके। बैठक में विभिन्न इंश्योरेंस कंपनियों के अधिवक्ताओं में रामानुज शर्मा, रोहित सिन्हा, विनोद कुमार, बरकतउल्ला खान, राजेश कृष्ण, निरंजन कुमार सिंह, अमिताभ राजीव, रेखा कुमारी, उपेन्द्र कुमार सहित लोक अदालत नवादा के पेशकार सुशील कुमार समेत कई लोग मौजूद रहे।
09 मई को लोगों को मिलेगा त्वरित न्याय का बड़ा मौका
राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से वर्षों से लंबित मामलों का आपसी सुलह के आधार पर त्वरित निष्पादन किया जाता है। ऐसे में 09 मई को होने वाली लोक अदालत से सैकड़ों लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।


Recent Comments