नवादा रेलवे स्टेशन पर किन्नरों से मिलने पहुंचे न्यायिक पदाधिकारी, अधिकार, सम्मान और पुनर्वास को लेकर चला जागरूकता अभियान, किन्नर समाज को दी गई कानूनी जानकारी, कहा “सम्मान नहीं तो समाज अधूरा”
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

समाज में बराबरी, सम्मान और अधिकार की लड़ाई को मजबूती देने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकार, नवादा की ओर से रविवार को नवादा रेलवे स्टेशन परिसर में किन्नरों के अधिकार, उत्थान एवं आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर विशेष विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में किन्नर समाज को उनके संवैधानिक अधिकारों, सरकारी योजनाओं और कानूनी सहायता से जुड़ी अहम जानकारियां दी गई।

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार, नई दिल्ली एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन विद्वान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार, नवादा आशुतोष कुमार झा तथा सचिव अरविन्द कुमार के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम में डिफेंस अधिवक्ता अमन जैन ने किन्नरों के अधिकारों, उनके संरक्षण के लिए बनाए गए कानूनों तथा “सितारा योजना 2023” के तहत पुनर्वास एवं कल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि किन्नर समाज हमारे समाज का अभिन्न हिस्सा है और उन्हें हीन दृष्टि से देखना सामाजिक कुरीति है, जिसे खत्म करना हर नागरिक का दायित्व है। उन्होंने जनोपयोगी सेवाओं और राष्ट्रीय लोक अदालत के महत्व पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि जरूरतमंद लोग जिला विधिक सेवा प्राधिकार, नवादा से निःशुल्क विधिक सहायता और परामर्श प्राप्त कर सकते हैं। मौके पर मीना किन्नर सहित रेलवे प्रशासन, पारा विधिक स्वयंसेवक बबलू कुमार तथा अधिवक्ता अमन जैन एवं के अलावा बड़ी संख्या में किन्नर समाज के लोग मौजूद रहे।


Recent Comments