आस्था का नया केंद्र बनेगा नारदीडीह, सूर्य मंदिर निर्माण को लेकर हुआ भव्य भूमि पूजन

डॉ अनुज सिंह ने रखा शिलान्यास का पहला ईंट, ₹51 हजार सहयोग देकर जगाई श्रद्धा की अलख, दिया यथासंभव सहयोग का भरोसा

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा जिला अंतर्गत नारदीगंज प्रखंड के आदर्श ग्राम नारदीडीह में सोमवार को धर्म, आस्था और सनातन संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब गांव में भव्य सूर्य मंदिर निर्माण को लेकर विधिवत भूमि पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। वैदिक मंत्रोच्चारण और धार्मिक अनुष्ठान के बीच पूरे गांव में भक्तिमय माहौल बना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे जिले के प्रख्यात शिक्षाविद् व समाजसेवी डॉ अनुज सिंह ने मंदिर निर्माण की आधारशिला रखते हुए पहला ईंट रखा तथा मंदिर निर्माण के लिए तत्काल ₹51 हजार की सहयोग राशि प्रदान की। उन्होंने आगे भी यथासंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

डॉ अनुज सिंह ने कहा कि सनातन परंपरा में सूर्य देव की उपासना आदिकाल से होती आ रही है। यह मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र बनेगा, जहां श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण से गांव में धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं में आध्यात्मिक चेतना का संचार होगा।

भूमि पूजन कार्यक्रम में गांव के पंडित धीरेंद्र पांडेय ने वैदिक विधि-विधान से अनुष्ठान संपन्न कराया, जबकि मुख्य यजमान की भूमिका राजाराम शर्मा ने निभाई। मंदिर निर्माण समिति ने बताया कि यह सूर्य मंदिर पूरे नारदीगंज क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान बनेगा और भविष्य में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा देगा। ग्रामीणों के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में सुबह से ही श्रद्धालुओं और ग्रामीणों की भारी भीड़ जुटी रही।

पूरे गांव में उत्सव जैसा वातावरण देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने मंदिर निर्माण में बढ़-चढ़कर सहयोग देने का संकल्प लिया। इस अवसर पर पूर्व प्रमुख गौरीशंकर सिंह, शिक्षक प्रवीण कुमार, पैक्स अध्यक्ष सह व्यापार मंडल अध्यक्ष विपिन कुमार, गोपाल कुमार, राजेश कुमार, मनीष कुमार, रोहित कुमार, शैलेंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह तथा अभय कुमार सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। मंदिर निर्माण समिति ने डॉ अनुज सिंह द्वारा दिए गए सहयोग को प्रेरणादायक और सराहनीय बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page