सनसनी: दहेज की भूख ने ली एक और नवविवाहिता की जान, गौना के 4 महीने बाद ही गला दबाकर हत्या!

10 लाख की मांग बनी मौत की वजह, ससुरालवालों पर गंभीर आरोप, शादी के बाद से ही मिल रही थी प्रताड़ना, अब आरोपी फरार, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी तेज

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा जिले से एक बार फिर इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां दहेज के लालच में एक नवविवाहिता की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मामला नेमदारगंज थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव का है, जहां ससुरालवालों पर विवाहिता का गला दबाकर हत्या करने का सनसनीखेज आरोप लगा है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं, घटना के बाद सभी आरोपी घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं।

मृतका के भाई गुड्डू कुमार ने बताया कि उनकी बहन विनीता की शादी वर्ष 2017 में जलालपुर निवासी दयानंद यादव के पुत्र सोनू यादव के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। करीब 4 महीने पहले ही उसका गौना हुआ था। शादी में हैसियत के अनुसार दहेज दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष लगातार 10 लाख रुपये की मांग कर रहा था।

परिजनों का आरोप है कि क्लीनिक खोलने के नाम पर रुपये नहीं देने पर विनीता को लगातार प्रताड़ित किया जाता था और आखिरकार उसकी गला दबाकर हत्या कर दी गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page