सनसनी: सनकी पति का खूनी शक! 7 बच्चों के सामने पत्नी को बरछी से गोदकर मार डाला, फिर हुआ फरार

नवादा के कौआकोल में दिल दहला देने वाली घटना: मामूली विवाद बना मौत का कारण, गांव में पसरा मातम

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा जिले के कौआकोल थाना क्षेत्र के दरावां गांव में बुधवार की रात रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। पत्नी के चरित्र पर शक में अंधे हुए पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी रवि मांझी ने गीज्जर (बरछी) से ताबड़तोड़ वार कर बबीता कुमारी की जान ले ली।

हैरानी की बात यह है कि यह खौफनाक घटना घर के अंदर, सात बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों के सामने हुई। बच्चों की आंखों के सामने मां की हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।परिजनों के मुताबिक, आरोपी पति अक्सर पत्नी पर शक करता था और इसी बात को लेकर घर में आए दिन विवाद होता था।

घटना वाले दिन भी कहासुनी इतनी बढ़ गई कि उसने आपा खो दिया और खून से सनी वारदात को अंजाम दे डाला। गंभीर हालत में बबीता को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी हत्यारा पति मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

अपर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार ने बताया कि आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस के अनुसार रवि मांझी पहले से आपराधिक प्रवृत्ति का रहा है और उसके खिलाफ कई थानों में मामले दर्ज हैं। इस हृदयविदारक घटना के बाद गांव में मातम पसरा है, वहीं सात मासूम बच्चों के सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page