HomeBreaking News“अफवाहों से रहें सावधान", बच्चा चोरी...

“अफवाहों से रहें सावधान”, बच्चा चोरी की झूठी खबरों पर नवादा पुलिस की क्या है बड़ी अपील, पढ़ें पूरी खबर

कानून हाथ में लिया तो होगी सख्त कार्रवाई”, एसपी अभिनव धीमान ने जनता से की शांति बनाए रखने की गुजारिश

Report by Nawada News Xpress / नवादा / सूरज कुमार

नवादा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में इन दिनों बच्चा चोरी से जुड़ी अफवाहें सोशल मीडिया और मौखिक रूप से तेजी से फैल रही हैं। इन अफवाहों को लेकर आमजन में भय और असमंजस की स्थिति बन रही है। इस संबंध में नवादा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अब तक ऐसी किसी संगठित बच्चा चोरी गिरोह की पुष्टि नहीं हुई है।

जिले के पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने जनहित में अपील जारी करते हुए कहा कि “कुछ असामाजिक तत्व जानबूझकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे व्हाट्सएप, फेसबुक और अन्य माध्यमों से भ्रामक संदेश प्रसारित कर समाज में भय का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। आमजन से अनुरोध है कि किसी भी अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करें और न ही उसे आगे बढ़ाएं।”

एसपी ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि यदि किसी निर्दोष व्यक्ति को केवल अफवाह के आधार पर संदिग्ध मानकर मारपीट या दुर्व्यवहार किया गया, तो संबंधित लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति किसी को नहीं है।

उन्होंने आगे कहा कि यदि किसी क्षेत्र में बच्चा चोरी जैसी कोई आशंका प्रतीत होती है तो तत्काल नजदीकी थाना या आपातकालीन नंबर डायल 112 पर सूचना दें। पुलिस प्रत्येक सूचना की गंभीरता से जांच कर आवश्यक कार्रवाई करेगी। एसपी ने कहा “जनता और पुलिस के सहयोग से ही शांति और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है”।

पुलिस प्रशासन ने बताया कि जिले में लगातार गश्ती, निगरानी और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि अफवाह फैलाने वालों की पहचान कर कार्रवाई की जा सके। साथ ही विभिन्न थाना क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को अफवाहों से बचने की सलाह दी जा रही है।

नवादा पुलिस ने दोहराया कि अफवाहें समाज में अनावश्यक भय और तनाव पैदा करती हैं। ऐसे में सजग रहें, सत्यापित सूचना पर ही भरोसा करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। सतर्क रहें, सुरक्षित रहें — नवादा पुलिस आपकी सेवा में सदैव तत्पर है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

You cannot copy content of this page