क्या आप लोक अदालत का लाभ उठाना चाहते हैं? तो जान लीजिये इसबार क्या है खास तैयारी!
14 मार्च को लगने जा रहा राष्ट्रीय लोक अदालत की महापीठ, 43 हजार से अधिक मामलों के निपटारे का लक्ष्य, 3950 वाद चिन्हित
Report by Nawada News Xpress / नवादा / सूरज कुमार

नवादा में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देशन में 14 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता को लेकर व्यापक पहल शुरू कर दी गई है।

प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार तथा सचिव के मार्गदर्शन में व्यवहार न्यायालय नवादा में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में वादों के अधिकतम निष्पादन के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया गया। बताया गया कि व्यवहार न्यायालय नवादा में कुल 3950 वादों को चिन्हित किया गया है तथा 1849 पक्षकारों को नोटिस तामिला कराया जा चुका है।

किन-किन मामलों का होगा निपटारा
राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न प्रकार के वादों को शामिल किया गया है, जिनमें प्रमुख रूप से— एमएसीटी (मोटर दुर्घटना दावा) – 96, मैट्रिमोनियल – 12, आपराधिक (क्रिमिनल) वाद – 3433, जीओ वाद (माइनिंग) – 106, वन वाद – 134, माप-तौल – 82, श्रम वाद – 23, धारा 138 एनआई एक्ट – 54, सिविल वाद – 10, टेलीफोन वाद – 251 तथा बैंक से जुड़े – 43,999 मामले शामिल है।

अधिकारियों ने कहा कि लोक अदालत के माध्यम से आपसी समझौते के आधार पर त्वरित और सुलभ न्याय उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे वर्षों से लंबित मामलों का शीघ्र समाधान संभव हो सकेगा।

प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर लोक अदालत के माध्यम से अपने मामलों का निष्पादन कराएं और सुलह-समझौते की इस वैकल्पिक व्यवस्था का लाभ उठाएं।

