अवैध धंधों पर नवादा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: किस बालू माफिया की संपत्ति जब्ती की शुरू हुई प्रक्रिया, पढ़ें पूरी खबर

अवैध बालू खनन से अर्जित संपत्ति पर गिरी कानून की गाज, न्यायालय के आदेश पर आरोपी के घर चस्पा किया गया कुर्की नोटिस, नवादा पुलिस ने अब तक भेजे 26 कुर्की प्रस्ताव, 5 को कोर्ट से मिली मंजूरी, गवाही से डरते हैं लोग, कई गंभीर मामले दर्ज है आरोपी गोपाल यादव पर

Report by Nawada News Xpress

नवादा / सूरज कुमार

जिले में अवैध शराब, बालू, साइबर क्राइम और जमीन माफियाओं के खिलाफ पुलिस ने मोर्चा खोल दिया है। आपराधिक गतिविधियों से अकूत संपत्ति अर्जित करने वालों पर शिकंजा कसते हुए नवादा पुलिस लगातार संपत्ति जब्ती की कार्रवाई कर रही है। 

न्यायालय के आदेश पर आरोपी के घर कुर्की का नोटिस चस्पा

इसी क्रम में अवैध बालू खनन मामले में चर्चित नारदीगंज थाना क्षेत्र के केसौरिया गांव निवासी गोपाल यादव की संपत्ति कुर्क करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। बुधवार को पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर आरोपी के घर कुर्की का नोटिस चस्पा किया। 

पंचाने नदी से अवैध बालू खनन में जब्त किया गया था 12 ट्रैक्टर

यह कार्रवाई एसपी कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के आधार पर की गई है। बताया गया कि पंचाने नदी से अवैध बालू खनन करते हुए 12 ट्रैक्टरों को जब्त किया गया था। इस मामले में नारदीगंज थाना कांड संख्या- 130/25 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। पुलिस की जांच में यह सामने आया कि आरोपी गोपाल यादव लंबे समय से अवैध बालू खनन में संलिप्त है।

उसकी आपराधिक प्रवृत्ति के कारण क्षेत्र के लोग उसके खिलाफ गवाही देने से भी डरते हैं। पुलिस के अनुसार गोपाल यादव के खिलाफ नरहट थाना सहित राजगीर थाना (नालंदा जिला) में कई मामले दर्ज हैं, जिनमें अधिकांश में चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। नवादा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आपराधिक ढंग से अर्जित संपत्ति को जब्त करने के लिए न्यायालय में प्रस्ताव भेजा था, जिसे कोर्ट ने स्वीकार करते हुए धारा 107 बीएनएस 2023 के तहत कुर्की का नोटिस जारी कर दिया है। 

अब तक भेजे गए 26 प्रस्ताव, 5 को मिली कोर्ट की मंजूरी

एसपी कार्यालय की जानकारी के अनुसार नवादा पुलिस अब तक 26 ऐसे प्रस्ताव न्यायालय को भेज चुकी है, जिनमें आपराधिक गतिविधियों से अर्जित संपत्ति को जब्त करने की मांग की गई है। इनमें से 5 मामलों में कोर्ट ने मंजूरी देते हुए अभियुक्तों को नोटिस जारी कर दिया है।

अभियुक्त गोपाल यादव पर दर्ज है कई थानों में अपराधिक मामले

– नारदीगंज थाना कांड संख्या 01/19

– नारदीगंज थाना कांड संख्या 241/20

– नारदीगंज थाना कांड संख्या 130/25

– नारदीगंज थाना कांड संख्या 161/25

– राजगीर थाना (नालंदा) कांड संख्या 384/04 व 373/04

अवैध धंधों से धन अर्जित करने वालों पर कसेगा कानूनी शिकांजा

नवादा पुलिस की इस सक्रियता को जिले में अवैध धंधों के खिलाफ एक बड़ी पहल के रूप में देखा जा रहा है। अवैध बालू खनन, शराब कारोबार और साइबर अपराध से जुड़े लोगों की संपत्तियों पर भी अब कानूनी शिकंजा कसा जा रहा है। यह कार्रवाई आगे और भी तेज होने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page