गुड टच-बैड टच से रूबरू हुईं छात्राएं, गलत व्यवहार पर चुप नहीं रहने का मिला संदेश

राजकीय कन्या मध्य विद्यालय में न्यायिक दंडाधिकारी अनिता कुमारी ने किया जागरूक, व्यक्तिगत सुरक्षा से लेकर साइबर सतर्कता और कानूनी अधिकारों की दी गई जानकारी
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार
नवादा। गलत व्यवहार को पहचानना और उसके खिलाफ आवाज उठाना हर छात्रा के लिए जरूरी है। इसी उद्देश्य से शहर के राजकीय कन्या मध्य विद्यालय में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी अनिता कुमारी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को गुड टच-बैड टच, व्यक्तिगत सुरक्षा और उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में छात्राओं को बताया गया कि यदि कोई व्यक्ति उनके साथ गलत व्यवहार करता है या उन्हें परेशान करने की कोशिश करता है, तो डरकर चुप रहने के बजाय इसकी जानकारी तत्काल अपने शिक्षक, अभिभावक या किसी विश्वसनीय व्यक्ति को दें। किसी भी परेशानी को छिपाने के बजाय उसके खिलाफ आवाज उठाएं और जरूरत पड़ने पर संबंधित अधिकारियों से मदद लें।

इंटरनेट पर दोस्ती के बहाने बिछ सकता है जाल, सतर्क रहने की सलाह
छात्राओं को ऑनलाइन सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए अनजान लोगों से इंटरनेट पर दोस्ती करने, निजी तस्वीरें साझा करने और किसी के बहकावे में आकर एकांत स्थान पर जाने से बचने की सलाह दी गई।

उन्हें समझाया गया कि ऑनलाइन किसी व्यक्ति पर आंख मूंदकर भरोसा करना परेशानी का कारण बन सकता है। किसी के गलत तरीके से फंसाने या दबाव बनाने की कोशिश करने पर तत्काल परिजनों को इसकी जानकारी दें।

कार्यक्रम के दौरान कानून के महत्व और उसके सही उपयोग के बारे में भी बताया गया। छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के साथ ही कानून का सम्मान करने की सीख दी गई।

इस जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को संभावित खतरों के प्रति सतर्क करना और किसी भी गलत व्यवहार के खिलाफ निडर होकर आवाज उठाने के लिए प्रेरित करना था। मौके पर विद्यालय की प्रधानाध्यापिका पुष्पा कुमारी, शिक्षिका लतिका कुमारी सहित अन्य शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।
