हजारों समर्थकों के साथ पटना पहुंचे डॉ. अनुज सिंह, नामांकन में दिखा चुनावी शक्ति प्रदर्शन, समर्थकों में दिखा उत्साह

नवादा के न्यू एरिया से निकला हजारों समर्थकों का काफिला, अनंत सिंह का मिला आशीर्वाद, जन सुराज के दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में दाखिल किया नामांकन का पर्चा
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार
नवादा। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव में जन सुराज समर्थित प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह ने गुरुवार को पूरे दमखम के साथ नामांकन दाखिल किया। नवादा के न्यू एरिया स्थित उनके स्थायी आवास से शुरू हुआ समर्थकों का काफिला पटना पहुंचते-पहुंचते बड़े जनसमूह में तब्दील हो गया। नामांकन के दौरान समर्थकों की भीड़, नारों और नेताओं की मौजूदगी ने चुनावी सरगर्मी को तेज कर दिया।

नामांकन से पहले न्यू एरिया स्थित आवास पर सुबह से ही समर्थकों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। डॉ. अनुज सिंह ने राम जानकी मंदिर, दुर्गा मंदिर और शिव मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद समर्थकों के साथ पटना के लिए प्रस्थान किया। नवादा, नालंदा और पटना से बड़ी संख्या में समर्थक नामांकन कार्यक्रम में शामिल हुए।

पटना पहुंचने के बाद जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष समेत पार्टी के नेताओं और समर्थकों के साथ डॉ. अनुज सिंह नामांकन के लिए निकले। इसी दौरान मोकामा विधायक अनंत सिंह भी उनके साथ नजर आए और अपना समर्थन एवं आशीर्वाद दिया। नामांकन के दौरान अनंत सिंह की मौजूदगी ने इस चुनाव को लेकर राजनीतिक चर्चा को और बढ़ा दिया।

नामांकन के बाद आयोजित आशीर्वाद सभा में जन सुराज से जुड़े कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इनमें पूर्व एमएलसी चंद्रमौली सिंह चंद्रवंशी, पूर्व विधायक किशोर कुमार मुन्ना, क्षेत्रीय प्रभारी डॉ. मधुकर सिंह, पार्टी प्रवक्ता मसीहुद्दीन, नालंदा जिलाध्यक्ष उदय शंकर सिंह, नवादा जिलाध्यक्ष त्रिवेणी सिंह सहित पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज प्रत्याशी डॉ. दिव्या ज्योति की मौजूदगी भी रही।

डॉ. अनुज सिंह ने नामांकन के बाद समर्थकों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह चुनाव केवल किसी एक व्यक्ति का चुनाव नहीं, बल्कि पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के स्नातकों की आवाज को मजबूती से आगे बढ़ाने का अवसर है। उन्होंने रोजगार, शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, पुस्तकालय और स्नातकों से जुड़े अन्य मुद्दों को प्राथमिकता से उठाने की बात कही।

उन्होंने सभी वर्गों के लोगों से जाति, धर्म और पार्टी से ऊपर उठकर मतदान करने की अपील की। उनके अनुसार, आने वाले दिनों में स्नातक मतदाताओं के बीच व्यापक जनसंवाद और संपर्क अभियान चलाया जाएगा।

डॉ. अनुज सिंह के नामांकन के साथ ही पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में उनका चुनावी अभियान अब अगले चरण में प्रवेश कर गया है। आने वाले दिनों में विभिन्न जिलों और प्रखंडों में मतदाताओं से सीधा संवाद अभियान तेज होने की बात कही जा रही है।

