IMA ने प्रशासन को दिया 4 दिन का अल्टीमेटम, कहा- वादा पूरा नहीं हुआ तो आंदोलन होगा और उग्र
डिग्रीधारी चिकित्सकों पर दर्ज FIR और कर्मियों की गिरफ्तारी के विरोध में आपात बैठक, डीएम से वार्ता के बाद फिलहाल आंदोलन स्थगित, कार्रवाई की होगी समीक्षा
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा। डिग्रीधारी चिकित्सकों पर दर्ज गैरकानूनी एफआईआर और उनके कर्मियों की गिरफ्तारी के विरोध में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) नवादा की रविवार शाम आपातकालीन बैठक आयोजित की गई। बैठक में चिकित्सकों ने प्रशासन के साथ हुई वार्ता की जानकारी साझा करते हुए स्पष्ट किया कि फिलहाल जिला प्रशासन को कार्रवाई के लिए चार दिनों का समय दिया जा रहा है।

यदि तय समय में आश्वासन के अनुरूप कार्रवाई नहीं हुई तो आईएमए अपना आंदोलन और अधिक उग्र करने को बाध्य होगा। बैठक में बताया गया कि आईएमए नवादा के सचिव की जिलाधिकारी के साथ हुई वार्ता सकारात्मक रही। प्रशासन की ओर से मौखिक आश्वासन दिया गया है कि मामले की शीघ्र जांच कर गैर-जरूरी धाराओं को हटाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके लिए जिलाधिकारी ने तीन से चार दिनों का समय मांगा है।

आईएमए ने यह भी बताया कि भविष्य में किसी भी स्वास्थ्य संस्थान की जांच केवल सिविल सर्जन की अध्यक्षता वाली अधिकृत टीम द्वारा ही कराई जाएगी, जो कानूनी प्रावधानों के अनुरूप होगा। इस निर्णय का आईएमए नवादा ने स्वागत करते हुए इसे चिकित्सकों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया। बैठक में सभी सदस्यों ने यह भी निर्णय लिया कि अपने-अपने अस्पताल एवं स्वास्थ्य संस्थानों के सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखेंगे, ताकि भविष्य में किसी भी जांच के दौरान अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

आईएमए नवादा ने प्रशासन से अपने वादे पर खरा उतरने की उम्मीद जताई है। संगठन ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय के भीतर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो विरोध प्रदर्शन को और तेज किया जाएगा। बैठक के अंत में निर्णय लिया गया कि अगले चार से पांच दिनों के भीतर आईएमए नवादा की पुनः बैठक आयोजित कर प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई की समीक्षा की जाएगी। इसके बाद आगे की रणनीति और आंदोलन की दिशा तय की जाएगी।

