तेज रफ्तार बस बनी काल: बीएमपी जवान की मौत, बेटा जिंदगी मौत से लड़ रहा जंग

श्राद्ध में शामिल होने घर लौट रहे थे जवान, अज्ञात बस ने बाइक पर सवार पिता-पुत्र को मारी टक्कर, राजकीय सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई, गांव में पसरा मातम

Report by Nawada News Xpress / नवादा / सूरज कुमार

नवादा में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा घटना में एक बीएमपी जवान की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनका नाबालिग पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना बुधवार शाम रोह थाना क्षेत्र के शेखपुरा मोड़ के पास हुई, जहां तेज रफ्तार अज्ञात बस ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गई।

मृतक की पहचान रोह थाना क्षेत्र के हर्षिदपुर गांव निवासी 36 वर्षीय मोती कुमार के रूप में हुई है, जो बीएमपी-4 डुमरावं में पदस्थापित थे। बताया जा रहा है कि वे अपने चाचा के श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने घर लौट रहे थे।

नवादा पहुंचने के बाद उन्होंने सैलून में मुंडन कराने के लिए रुककर अपने 17 वर्षीय पुत्र जयकिश कुमार को बाइक लेकर बुलाया था। पुत्र जैसे ही अपने पिता को लेकर घर लौट रहा था, तभी कौआकोल की ओर से आ रही तेज रफ्तार बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

हादसा इतना भीषण था कि जवान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को सदर अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही रोह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं, गुरुवार को जवान मोती कुमार का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया। इस हृदयविदारक घटना के बाद गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page